एसडीएम कोमल का स्थानांतरण, अधिवक्ताओं की हड़ताल खत्म
टांडा (अंबेडकरनगर)। तहसील के अधिवक्ताओं का विरोध प्रदर्शन आखिरकार रंग लगाया। एसडीएम के मनमाने रवैए से नाराज चल रहे अधिवक्ताओं की आवाज शासन तक पहुंची तो शासन ने उन्हें तत्काल प्रभाव से गैर जनपद के लिए स्थानांतरित कर दिया। साथ ही शासन से ही उन्हें टांडा तहसील से कार्यमुक्त करते हुए गोंडा जिले में चार्ज ग्रहण करने के लिए निर्देशित किया। शासन की इस कार्रवाई के बाद अधिवक्ताओं ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया।
बताते चलें कि तहसील में फैले भ्रष्टाचार व अधिकारियों की मनमानी को लेकर अधिवक्ता बीते आठ फरवरी से कार्य बहिष्कार कर आंदोलन पर डटे थे। अधिवक्ताओं के कार्य बहिष्कार व प्रदर्शन के बीच ही बीते दिनों रिश्वत लेेते हुए अहलमद धीरज श्रीवास्तव का वीडियो वायरल होने के बाद डीएम सुरेश कुमार ने उसे निलंबित कर दिया था। साथ ही एक अन्य अहलमद राजेश श्रीवास्तव को तहसील से हटा दिया था।
इसके अलावा बीते दिनों तहसीलदार सुदामा वर्मा का भी शासन से गैर जनपद स्थानांतरण हो गया। इसके बाद भी तहसील के अधिवक्ता आंदोलन पर डटे थे। अधिवक्ताओं की मांग थी कि जब तक एसडीएम कोमल यादव नहीं हटाए जाएंग तब तक वह काम पर नहीं लौटेंगे। बताया जाता है कि लंबे समय से आंदोलन पर डटे अधिवक्ताओं की आवाज शासन तक पहुंची तो शासन ने सोमवार को उनका स्थानांतरण गोंडा जिले के लिए कर दिया।
शासन से उन्हें कार्य मुक्त करते हुए गोंडा जिले में कार्यभार ग्रहण करने के लिए निर्देशित किया गया है। हालांकि एसडीएम कोमल यादव का कहना था कि यह रुटीन स्थानांतरण है। इस बीच अधिवक्ता संघ अध्यक्ष जावेद सिद्दीकी ने कहा कि अधिवक्ता मंगलवार से सभी न्यायिक कार्यों में भाग लेंगे। अब हड़ताल समाप्त की जा रही है।