शहर के 12 एटीएम ठप, कैश को भटके उपभोक्ता
अंबेडकरनगर। तकनीकी खराबी व कैश की कमी होने के चलते रविवार को जिला मुख्यालय पर स्थापित विभिन्न बैंकों के 12 एटीएम के शटर नहीं खुल सके। नतीजा यह रहा कि धननिकासी के लिए उपभोक्ताओं को एक एटीएम से दूसरे एटीम का चक्कर लगाने को मजबूर होना पड़ा। धननिकासी को लेकर परेशान हो रहे उपभोक्ताओं का कहना था कि एटीएम सेवा का सुचारु लाभ मिल सके, इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों को सुध नहीं है। सहालग के दिनों में एटीएम सेवा का सुचारु रूप से काम न करना उपभोक्ताओं पर भारी पड़ रहा है।
अवकाश के दिनों में अक्सर बेपटरी होने वाली एटीएम सेवा ने रविवार को एक बार फिर से उपभोक्ताओं का साथ छोड़ दिया। बताते चलें कि जिला मुख्यालय पर विभिन्न बैंकों के लगभग दो दर्जन एटीएम स्थापित हैं। वैसे तो आम दिनों में ही सभी एटीएम एक साथ शायद ही कभी उपभोक्ताओं का साथ देते हों, लेकिन अवकाश के दिनों में ज्यादातर के शटर नहीं खुल पाते। शनिवार व रविवार के दो दिन के अवकाश के चलते रविवार को 12 एटीएम के शटर नहीं खुल सके। कहीं कैश की कमी, तो कहीं तकनीकी खराबी का बोर्ड टंगा हुआ था। फैजाबाद रोड स्थित आंगो, एसबीआई, एक्सिस, रेलवे स्टेशन स्थित एसबीआई, पटेलनगर स्थित एसबीआई, एचडीएफसी, नई सड़क स्थित बीओबी आदि स्थानों पर स्थापित एटीएम विभिन्न कारणों से नहीं चले। नतीजा यह हुआ कि धननिकासी के लिए उपभोक्ताओं को सुबह से ही एक एटीएम से दूसरे एटीएम तक का चक्कर लगाने को मजबूर होना पड़ा।
उपभोक्ताओं ने जताई नाराजगी
अकबरपुर के शहाब परवेज व मोहम्मद रईस ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि एटीएम सेवा को सुचारु लाभ उपभोक्ताओं को मिल सके, इसे लेकर जिम्मेदार अधिकारियों को सुध नहीं है। अक्सर अवकाश के दिनों में एटीएम सेवा बेपटरी हो जाती है। अधिवक्ता अनुराग श्रीवास्तव व शिक्षक अजय कुमार ने कहा कि उन्हें एक वैवाहिक कार्यक्रम में जाना है। ज्यादातर एटीएम के शटर नहीं खुले। जहां खुला भी, वहां उपभोक्ताओं की लाइन लगी थी। कहा कि सहालग के मौसम में सभी एटीएम सुचारु रूप से कार्य करें, इसे लेकर जिम्मेदार अधिकारियों को गंभीरता दिखानी चाहिए।
सेवाओं को किया जा रहा दुरुस्त
एटीएम सेवाओं को दुरुस्त कराया जा रहा है। कुछ एटीएम को छोड़कर ज्यादातर एटीएम ने काम किया। इनमें से कई में धन समाप्त हो जाने, तो कुछ में तकनीकी खराबी हुई थी। हालांकि शहर के तमाम एटीएम ने दिनभर काम किया। -केके पांडेय, एलडीएम