20 लाख से बन रहे टिनशेड में सुरक्षित होंगे औषधीय पौध
अंबेडकरनगर। जिले में औषधीय खेती को बढ़ावा देने के लिए राज्य आयुष मिशन के तहत राजकीय पार्क में करीब 20 लाख रुपये की लागत से दो टिनशेड हाल निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है। इस हाल का निर्माण जिले के किसानों द्वारा तैयार की गई औषधीय पौध को खरीद कर सुरक्षित रखने के उपयोग में लाया जाएगा। इसके अलावा हाल खाली रहने पर इसका उपयोग उद्यान पहुंचने वाले नागरिकों के बैठने आदि उपयोग में भी लिया जा सकेगा। निर्माण का जिम्मा शासन ने यूपीपीसीएल निर्माण इकाई अयोध्या को सौंपा है।
प्रदेश सरकार किसानों के बीच औषधीय खेती को बढ़ावा देने के लिए राज्य आयुष मिशन योजना की शुरुआत की है। इसके तहत न सिर्फ किसानों को औषधीय खेती करने में अनुदान आदि की सुविधा दी जा रही है, बल्कि किसानों द्वारा तैयार औषधीय फसल को खरीद व उसे सुरक्षित रखने की पहल भी शुरू कर दी गई है। शासन के निर्देश पर अकबरपुर अयोध्या मार्ग पर स्थित राजकीय उद्यान पार्क में दो बड़े टिनशेड हाल का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। 50 गुणे 20 फिट के क्षेत्रफल के दो टीनशेड हाल का निर्माण होना है।
इसके लिए करीब 20 लाख रुपये की राशि खर्च होगी। निर्माण का जिम्मा यूपीपीसीएल अयोध्या को मिला है। इस हाल का उपयोग जिले के किसानों द्वारा तैयार की गई औषधीय पौध को यहां लाकर सुरक्षित रखा जाएगा, और उसे सुखाया जाएगा। फसल को जल्द सुखाने आदि के लिए पर्याप्त पंखे भी लगाए जाएंगे, जिससे पौध नष्ट न हो। इसके अलावा इस हाल का उपयोग पार्क पहुंचने वाले नागरिकों के बैठने आदि में भी हो सकेगा।
उद्यान विभाग अधिकारियों के मुताबिक औषधीय खेती के रूप में तुलसी, एलोवेरा, सफेद मूसली, नीम फली, मकोय आदि ऐसे पौध हैं जो औषधि बनाने के काम आते हैं। किसानों को इन औषधीय फसल को बिक्री करने व रखने में कोई दिक्कत न हो इसके लिए यह इन टिनशेड का निर्माण कराया जा रहा है। मिर्जापुर के किसान रामभवन, अकबरपुर के शिवनायक तिवारी आदि ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत किया है। कहा कि कई बार किसान बिक्री व रखने की पर्याप्त व्यवस्था न होने की वजह से ही इस तरह की खेती से बचते हैं।
यदि सरकार उनकी फसल की खरीदने व रखने का सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराती है तो बेहतर होगा। बरधाभिउरा निवासी प्रदीप वर्मा के मुताबिक उन्होंने इस बार ऐलोबेरा की खेती की है। उद्यान विभाग यदि खरीद आदि में मदद करेगा तो अच्छा रहेगा। उन्हें बिक्री के लिए अब तक बाराबंकी जाना पड़ता था।
जल्द पूरा होगा निर्माण कार्य
टीनशेड हॉल का निर्माण कार्य तेजी से पूरा कराया जाएगा। सरकार के निर्देश पर इसका निर्माण हो रहा है। दो टीनशेड का निर्माण हो जाने से किसानों की औषधीय फसल की खरीद व उसके रख रखाव में आसानी होगी। इसी उद्देश्य से इसका निर्माण हो रहा है। किसानों को औषधीय खेती पर ध्यान देना चाहिए। -संजय रस्तोगी, जिला उद्यान अधिकारी