नौ अधिवक्ताओं की सदस्यता निलंबित
अंबेडकरनगर। बार एसोसिएशन ने हड़ताल के बावजूद कार्य करते पाए जाने पर नौ अधिवक्ताओं को तीन माह के लिए सदस्यता से निलंबित कर दिया है। अध्यक्ष त्रिभुवननाथ पांडेय ने बताया कि 15 फरवरी को हड़ताल के दौरान बार बार चेतावनी देने पर भी कई अधिवक्ताओं ने प्रस्ताव का अनादर किया। ऐसे में अधिवक्ता विपिन, प्रमोद कुमार, दिनेश वर्मा, अवधेश, दिवाकर गोस्वामी, जगदंबा सिंह, आफताब, इरशाद व जगदीश सिंह को सदस्यता से तीन माह के लिए निलंबित कर दिया गया। प्रत्येक पर दो हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है।