सात दिन में शुरू हो जाएगा तीन अस्पतालों का संचालन
अंबेडकरनगर। लगभग साढ़े चार करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित तीन पीएचसी नेवादा, रसूलपुर बाकरगंज व सम्मनपुर का संचालन एक सप्ताह के अंदर प्रारंभ हो जाएगा। तीनों पीएचसी पर फार्मासिस्ट व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों, जबकि रसूलपुर बाकरगंज व सम्मनपुर में एक एक चिकित्सक की भी तैनाती कर दी है। तीनों पीएचसी के प्रारंभ होने से लगभग 90 हजार की आबादी को सुचारु इलाज में लाभ मिलेगा।
मरीजों व उनके तीमारदारों को इलाज के लिए इधर-उधर न भटकना पड़े, इसके लिए वर्ष 2013-14 में जिला योजना की बैठक में जलालपुर तहसील अंतर्गत नेवादा, रसूलपुर बाकरगंज व सम्मनपुर में पीएचसी निर्माण को हरी झंडी प्रदान की गई। 1 करोड़ 45 लाख की लागत से नेवादा में, 1 करोड़ 51 लाख की लागत से रसूलपुर बाकरगंज व 1 करोड़ 64 लाख की लागत से सम्मनपुर में पीएचसी के निर्माण की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम को सौंपी गई। वर्ष 2016 में निर्माण कार्य पूर्ण हो सके, इसके लिए कार्यदायी संस्था को 70 प्रतिशत राशि उपलब्ध करा दी गई। सत्ता परिवर्तन व बीच बीच में धन की कमीं के चलते निर्माण कार्य कभी गति नहीं पकड़ सका।
बीते दिनों जिले के नोडल अधिकारी डॉ. हरिओम ने कार्यदायी संस्था को अतिशीघ्र निर्माण कार्य पूर्ण कर से सीएमओ कार्यालय को हैंडओवर किए जाने का निर्देश दिया। इस पर गत दिवस निर्माण कार्य पूर्ण कर कार्यदायी संस्था ने सीएमओ कार्यालय को हैंडओवर कर दिया। इसके साथ ही सीएमओ कार्यालय ने तीनों पीएचसी के संचालन की प्रक्रिया शुरू कर दी। सीएमओ कार्यालय के वरिष्ठ लिपिक ओपी शर्मा ने बताया कि रसूलपुर बाकरगंज पीएचसी में चिकित्सक डॉ. अतिशय सिंह यादव, जबकि सम्मनपुर में डॉ. संजीव कुमार की तैनाती कर दी गई है। नेवादा में एक दो दिन में चिकित्सक की तैनाती कर दी जाएगी। तीनों पीएचसी में फार्मासिस्ट व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की तैनाती कर दी गई। एक सप्ताह के अंदर तीनों पीएचसी का संचालन प्रारंभ हो जाएगा। इससे लगभग 90 हजार की आबादी को लाभ मिलेगा।
एक सप्ताह में शुरू हो जाएगा संचालन
तीन पीएचसी रसूलपुर बाकरगंज, नेवादा व सम्मनपुर में पीएचसी का संचालन एक सप्ताह के अंदर शुरू कर दिया जाएगा। रसूलपुर बाकरगंज व सम्मनपुर में चिकित्सक की तैनाती कर दी गई है, जबकि नेवादा में एक दो दिन में तैनात कर दिया जाएगा। तीनों पीएचसी में फार्मासिस्ट की तैनाती कर दी गई है। -डॉ. सालिकराम पासवान, प्रभारी सीएमओ