किसान डाउन समेत पांच एक्सप्रेस ट्रेनें निरस्त
अंबेडकरनगर। ठंड में ट्रेन यात्रियों की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रहीं। रविवार को किसान डाउन एक्सप्रेस समेत कुल पांच ट्रेन निरस्त रहीं। इससे 35 यात्रियों को अपना आरक्षित टिकट निरस्त कराने को मजबूर होना पड़ा। इसके अलावा छह एक्सप्रेस ट्रेन विलंब से अकबरपुर रेलवे स्टेशन पहुंची। नतीजा यह रहा कि गंतव्य तक जाने के लिए यात्रियों को व्यापक मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
गौरतलब है कि ठंड का दौर शुरू होते ही ट्रेन के निरस्त होने व विलंब से चलने का दौर शुरू हो गया। यह सिलसिला अब तक जारी है। रविवार को भी पांच एक्सप्रेस ट्रेन जहां निरस्त रहीं, वहीं छह एक्सप्रेस ट्रेन घंटों विलंब से अकबरपुर रेलवे स्टेशन पहुंची। अकबरपुर रेलवे स्टेशन से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को बरेली अप व डाउन, इंटरसिटी अप व डाउन एक्सप्रेस के साथ ही किसान डाउन एक्सप्रेस ट्रेन निरस्त रही। इससे संबंधित ट्रेन से यात्रा करने वाले 35 यात्रियों को अपना टिकट निरस्त करने को मजबूर होना पड़ा।
इसके अलावा दून अप एक्सप्रेस ट्रेन निर्धारित समय दोपहर 1:14 बजे से तीन घंटा व दून डाउन निर्धारित समय दोपहर 12:21 बजे से 5 घंटा विलंब से अकबरपुर रेलवे स्टेशन पहुंची। साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन सुबह 5:23 बजे से दो घंटा, मरुधर अप निर्धारित समय शाम 7:30 बजे से 4 घंटा, सरयू यमुना निर्धारित सुबह 9:08 बजे से 2 व मरुधर डाउन एक्सप्रेस ट्रेन निर्धारित समय सुबह 7:35 से ढाई घंटा विलंब से अकबरपुर रेलवे स्टेशन पहुंची।
ट्रेनों के घंटों विलंब से चलने के चलते गंतव्य तक जाने के लिए यात्रियों को विभिन्न प्रकार की मुश्किलों का सामना करना पड़ा। दिल्ली जाने के लिए अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर मिले अकबरपुर के राजेंद्र व बेवाना के श्यामबिहारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि यात्रियों के हित को देखते हुए रेलवे प्रशासन को ठोस कदम उठाना चाहिए।