अर्ध कुंभ के लिए अकबरपुर से रवाना हुई स्पेशल ट्रेन
अंबेडकरनगर। अकबरपुर रेलवे स्टेशन से रविवार को अर्ध कुंभ मेले के लिए एक स्पेशल ट्रेन को सांसद हरिओम पांडेय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 20 बोगी वाली स्पेशल ट्रेन से पहले दिन 23 यात्री अर्ध कुंभ के लिए रवाना हुए।
कुंभ मेले में जाने वाले यात्रियों को किसी भी प्रकार की मुश्किल न हो, इसके लिए सांसद हरिओम पांडेय के प्रयास से रेलवे प्रशासन ने अकबरपुर रेलवे स्टेशन से स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया था। 20 बोगी वाली यह ट्रेन कुंभ के लिए 14 जनवरी, 20 जनवरी, 3 फरवरी, 18 फरवरी व 3 मार्च को रवाना करने का निर्णय लिया गया। इन सभी दिवसों में ट्रेन अपराह्न ढाई बजे रवाना होगी। जबकि 3 फरवरी को अपराह्न ढाई बजे के अलावा एक ट्रेन सुबह छह बजे भी रवाना होगी। अर्ध कुंभ के लिए स्पेशल ट्रेन के संचालन का मेलार्थियों ने बढ़-चढ़कर स्वागत किया। दरअसल अंबेडकरनगर से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु अर्ध कुंभ के लिए रवाना होते हैं। सोमवार को स्पेशल ट्रेन अकबरपुर रेलवे स्टेशन से अपराह्न ढाई बजे रवाना हुई। ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए सांसद हरिओम पांडेय ने कहा कि जनपदवासियों के लिए यह गौरव की बात है कि पहली बार अकबरपुर रेलवे स्टेशन से कुंभ के लिए स्पेशल ट्रेन रेलवे प्रशासन ने संचालित किया है।
सांसद ने कहा कि अकबरपुर बस स्टेशन से अर्ध कुंभ के लिए बसों के संचालन के बाद ट्रेन के संचालन से श्रद्धालुओं को आवागमन में व्यापक लाभ मिलेगा। कहा कि केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकारें आम जन के हित में व्यापक कार्य कर रही हैं। उधर स्टेशन अधीक्षक जयप्रकाश ने बताया कि पहले दिन कुल 23 यात्री स्पेशल ट्रेन से कुंभ के लिए रवाना हुए। कहा कि प्रचार प्रसार के अभाव में पहले दिन संख्या कम रही, लेकिन आने वाले दिनों में इनकी संख्या में वृद्धि होगी।