हर गांव में बिजली, जिला सौभाग्यशाली
अंबेडकरनगर। विद्युतीकरण के क्षेत्र में जिले को बड़ी सफलता मिली है। चार हजार से अधिक मजरों का विद्युतीकरण कार्य पूरा करने के साथ ही अंबेडकरनगर जनपद सौभाग्यशाली जनपद की श्रेणी में शामिल कर लिया गया है। वर्ष 2011 से अब तक अलग-अलग योजनाओं में विद्युत विभाग ने कुल 4046 मजरों का विद्युतीकरण कराने का काम किया है।
विद्युतीकरण के क्षेत्र में तेजी से काम होने का गौरव जनपद ने हासिल किया। जनप्रतिनिधियों के तमाम दबाव व शिकायतें भी बीच बीच में काम में तेजी लाने का एक बड़ा आधार बनीं। गौरतलब है कि जिले में विद्युतीकरण का कार्य वर्ष 2013 में 11वें प्लान के तहत शुरू हुआ। इसमें कुल 2240 मजरों को उर्जीकृत करने का कार्य 2015 में पूरा किया गया। लगभग 70 हजार उपभोक्ताओं को विद्युत कनेक्शन दिए गए। वर्ष 2015 में ही 12वें प्लान के तहत काम शुरू हुआ।
वर्ष 2017 के मध्य तक लक्ष्य के अनुरूप 1197 मजरे उर्जीकृत किए गए। इसमें 15 हजार 376 उपभोक्ताओं को बिजली कनेक्शन दिया गया। बाद में न्यू प्लान योजना के तहत 322 मजरों में बिजली पहुंचाने के साथ 4738 उपभोक्ताओं को बिजली कनेक्शन का लाभ मिला। ग्राम स्वराज अभियान के तहत 130 मजरों में बिजली पहुंचाकर 1050 उपभोक्ताओं को बिजली कनेक्शन प्रदान किया गया। शेष 157 मजरों में विद्युतीकरण का कार्य सौभाग्य योजना के तहत पूरा हआ। ऐसे में कुल 4 हजार 46 मजरों में विद्युतीकरण का कार्य लगभग सात वर्ष में विद्युत विभाग ने पूरा कर लिया।
11वें प्लान में पांच एमबीए के 8, 10 एमबीए के 6 ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि की गई। इन योजनाओं के तहत कुल 4 हजार 626 किलोमीटर लंबी एलटी लाइन का जिले में विस्तार किया गया, जबकि 2 हजार 20 किलोमीटर लंबी हाईटेंशन नई लाइन भी तैयार कराई गई। 10 हजार से अधिक नए विद्युत ट्रांसफार्मर लगाए गए, जिनमें 10 केवी से लेकर 63 केवी तक के ट्रांसफार्मर शामिल थे।
शत-प्रतिशत विद्युतीकरण के चलते मिला गौरव
चार हजार से अधिक मजरों का विद्युतीकरण कार्य पूरा कर लिया गया है। जिले में कुल 2 लाख 63 हजार 555 उपभोक्ताओं द्वारा विद्युत आपूर्ति का लाभ प्राप्त किया जा रहा है। शत-प्रतिशत विद्युतीकरण के चलते जिले को सौभाग्यशाली जनपद की श्रेणी में शामिल होने का गौरव मिला है। -विद्युत उपेंद्र पटेल, उपखंड अधिकारी