अंबेडकरनगर। स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत चल रहे शौचालयों के निर्माण की हकीकत जानने के लिए गुरुवार को जिलाधिकारी ने अकबरपुर विकास खंड के अंधियरवा, उम्मरपुर व चनवा गांव का निरीक्षण किया। शौचालयों के निर्माण की गति धीमी मिलने पर दो ग्राम पंचायत अधिकारियों को फटकार लगाते हुए अविलंब निर्माण कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। अंधियरवा में चल रहे खड़ंजा निर्माण में दोयम दर्जे का ईंट प्रयोग किए जाने पर जिलाधिकारी ने सीडीओ को भुगतान पर रोक लगाने व पूरे मामले की जांच कराए जाने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी सुरेश कुमार गुरुवार दोपहर अकबरपुर विकास खंड के अंधियरवा, उम्मरपुर व चनवां गांव का औचक निरीक्षण किया। तीनों गांव में शौचालय निर्माण की गति काफी धीमी पाई। इस पर ग्राम पंचायत अधिकारी अतुल कुमार व दिवाकर वर्मा को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्माण कार्य अविलंब पूर्ण किए जाने का निर्देश दिया। साथ ही निर्माण में मानक का भी विशेष ध्यान दिए जाने पर जोर दिया। अंधियरवा गांव में शौचालय के जायजे के दौरान गांव में ग्रामीण अभियंत्रण सेवा के तहत रामदास के घर से कुत्तुन के घर तक खड़ंजे के हो रहे कार्य में दोयम दर्जे का ईंट प्रयोग होता मिला। इस पर डीएम ने निर्माण में जुड़े ठेकेदार को फटकार लगाई। साथ ही सीडीओ उमेशनरायन पांडेय को निर्देशित किया कि कार्य के भुगतान पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाया जाए। साथ ही पूरे मामले की जांच कराएं। यदि मामले में गड़बड़ी पाई जाए, तो ठेकेदार पर कड़ी कार्रवाई की जाए। चनवां चौराहे से अंधियरवा प्राथमिक विद्यालय तक पीएमजीएसवाई के तहत निर्मित सड़क पर जगह जगह उत्पन्न गड्ढे को तत्काल दुरुस्त कराए जाने का निर्देश दिया। इस दौरान प्रभारी सूचना अधिकारी जेपी सिंह, खंड विकास अधिकारी अकबरपुर राजीव कुमार आदि मौजूद रहे।