अंबेडकरनगर। 25 करोड़ रुपये की लागत से जिले में सड़कों की सेहत सुधारी जाएगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पांच-पांच करोड़ रुपये की लागत से सड़कों का निर्माण व सुदृढ़ीकरण होगा। इसके लिए गत दिवस ही शासन ने सभी विधायकों से प्रस्ताव की मांग की थी। बीते दिनों अकबरपुर विधायक ने पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड कार्यालय को नौ सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव भेज दिया। जलालपुर विधायक रितेश पांडेय ने जलालपुर नगर को जाम से निजात दिलाने के लिए बाईपास मार्ग का प्रस्ताव तैयार किया है। अन्य विधायकों द्वारा भी इसी तरह के प्रस्ताव तैयार कराए जा रहे हैं। विधायकों के अलावा सांसद के प्रस्ताव को भी इसमें शामिल किया जाएगा। इससे करीब 10 लाख आबादी का आवागमन सुगम हो सकेगा।
गौरतलब है प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए केंद्र व प्रदेश सरकारों द्वारा बड़े पैमाने पर न सिर्फ सड़क का निर्माण कराया जा रहा है, बल्कि क्षतिग्रस्त सड़कों को भी दुरुस्त कराया जा रहा है। इसका व्यापक लाभ प्रदेश की जनता को आवागमन में मिल रहा है। सड़कों की बेहतरी के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीते दिनों बड़ा कदम उठाया था। मुख्यमंत्री ने घोषणा किया कि प्रत्येक विधायक अपने अपने विधानसभा क्षेत्र में पांच पांच करोड़ रुपये की लागत से सड़क का निर्माण करा सकते हैं। इसके लिए उन्हें पीडब्ल्यूडी के प्रांतीय खंड कार्यालय को प्रस्ताव भेजना होगा। प्रस्ताव के बाद पीडब्ल्यूडी की तकनीकी टीम द्वारा सर्वे किया जाएगा। इसके बाद सड़क का निर्माण कार्य कराया जाएगा।
शासन के दिशा-निर्देश के बाद जिले में लोक निर्माण विभाग ने 25 करोड़ की लागत से सड़कों के निर्माण से जुड़ी तैयारियां शुरू कर दी हैं। विधायकों से इसके लिए प्रस्ताव मांग लिए गए हैं।
इन सड़कों के बनने का भेजा प्रस्ताव
अकबरपुर विधायक रामअचल राजभर ने नौ सड़कों के निर्माण व सुदृढ़ीकरण के लिए प्रस्ताव पीडब्ल्यूडी के प्रांतीय खंड को भेज दिया। सहायक अभियंता हरेकृष्ण ने बताया कि अकबरपुर विधायक ने जो प्रस्ताव भेजा है, उसमें अकबरपुर गौहनिया संपर्क मार्ग से संजय राजभर के घर तक पिचमार्ग, जाफरगंज रेलवे स्टेशन मार्ग से रजत पब्लिक स्कूल तक, अकबरपुर मालीपुर मार्ग से रेलवे क्रॉसिंग जाफगंज मार्ग तक, सिकंदरपुर सुल्तानगढ़ मार्ग से सहनेमऊ पठानपूरा तक, कोदरा गांव से ग्राम बिगहया तक, कुबेर निषाद के घर से तिरमुहानी घाट तक पिचमार्ग, विश्रामपुर जयसिंहपर संपर्क मार्ग से सरैया गांव तक, ग्रामसभा राजेपुर धावां पुरवा सम्मनपुर माइनर से सुभाष राजभर के विद्यालय तक व रसूलपुर उसरी गांव के पूर्वी पक्की सड़क सैदापुर नहर तक पिचमार्ग का निर्माण शामिल है। उधर जलालपुर विधायक रितेश पांडेय ने जलालपुर नगर को जाम से निजात दिलाने के लिए शहर के बाहर से बने खड़ंजा व पिच मार्गों को आपस में जोड़ने व सुदृढ़ीकरण कर बाईपास के रूप में तैयार करने का प्रस्ताव बनवाया है। इसे जल्द ही जिला प्रशासन को सौंपा जाएगा। इससे नगर में प्रतिदिन लगने वाले जाम से काफी हद तक निजात मिल सकेगी, जबकि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों का आवागमन भी बेहतर हो सकेगा। कटेहरी, टांडा व आलापुर विधायकों द्वारा भी सड़कों के प्रस्ताव तैयार कराए जा रहे हैं।
सर्वे बाद शुरू होगा निर्माण
25 करोड़ की लागत से मार्ग निर्माण के लिए माननीयों के प्रस्ताव आना शुरू हो गए हैं। सभी पांच विधानसभा क्षेत्रों से आने वाले प्रस्तावों का परीक्षण कराने के बाद निर्माण कार्य शुुरू करा दिया जाएगा। -एसके लाल, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खण्ड