अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर पालिका परिषद द्वारा लोरपुर व नेहरूनगर वार्ड के मध्य नवनिर्मित 10 सीटर शौचालय का मंगलवार को पालिका अध्यक्ष सरिता गुप्ता ने फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने नागरिकों को भरोसा दिलाया कि उनकी जरूरतों को देखते हुए पालिका प्रशासन समय समय पर मूलभूत सुविधाओं का प्रबंध करती रहेगी। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि सभी लोग शौचालय प्रयोग करें, ताकि वातावरण को शुद्ध रखा जा सके।
कहा कि इस शौचालय निर्माण से जहां लोगों को सुविधा मिलेगी वहीं गंदगी को भी काफी हद तक दूर किया जा सकेगा। पालिका प्रशासन नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए हर संभव प्रयास करने के लिए संकल्पित है। कहा कि लोगों को शौचालय का ज्यादा से ज्यादा प्रयोग करना चाहिए। इसके लिए सरकार भी प्रयासरत है और शौचालय निर्माण के लिए अनुदान राशि प्रदान कर रही है।
कहा कि भारत सरकार के स्वच्छता मिशन को सफल बनाने के लिए सभी लोगों को अपना अपना योगदान देने की जरूरत है। तभी स्वच्छ समाज व राष्ट्र की स्थापना की जा सकती है। इसी तरह पालिका प्रशासन नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखकर आगे भी प्रयासरत रहेगी।
स्वच्छ भारत मिशन से जुड़े हृदयानंद ने कहा कि पालिका प्रशासन द्वारा शौचालय निर्माण कराकर सरकार के प्रयासों को गति देने का काम किया गया है। इसका लाभ सभी को उठाने की जरूरत है। इस मौके पर भाजपा नेता मनोज गुप्त, ओमकार तिवारी, जेई घनश्याम मौर्य, सभासद उर्मिला देवी, डब्लू उपाध्याय, दुर्गावती, सुनील दुबे, रामजी व उत्तम अग्रहरि आदि मौजूद रहे।