टांडा (अंबेडकरनगर)। सरकार जन कल्याणकारी योजनाओं को लाभार्थियों तक पारदर्शी ढंग से पहुंचाने के लिए कटिबद्ध है। जनता को भी जागरूक होकर अपने हितों के लिए आगे आना होगा। केंद्र व प्रदेश सरकारों ने अत्यंत कम समय में जनता को अधिकाधिक लाभ देने का प्रयास किया है, और सफल भी हुई है। सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों से जनता के बीच खुशी का माहौल है।
उक्त बातें मंगलवार को सांसद हरिओम पांडेय ने गोद लिए हुए गांव सेमऊर खानपुर में आयोजित चौपाल में कही। बताया कि अपने अब तक के कार्यकाल में उनका यह तीसरा गांव है, जिसे गोद लेकर जरूरी सुविधाओं का लाभ ग्रामीणों को दिया है।
सांसद आदर्श ग्राम योजना में चयनित होने के बाद अब इस गांव के ग्रामीणों को न सिर्फ आवागमन, पेयजल, जल निकासी व मार्ग प्रकाश आदि की सुविधा से लैस होंगे, बल्कि पात्र ग्रामीणों को जल्द ही आवास, पेंशन, राशन, विद्युत कनेक्शन, उज्जवला योजना के तहत गैस कनेक्शन आदि की भी सुविधाएं मुहैया करायी जाएगी।
ग्रामीणों की समस्याओं का हर संभव समाधान करने के लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। विभिन्न विभागाें द्वारा गांव में स्टाल लगाया गया। ग्रामीणों को सरकार की योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उसका लाभ उठाने के तौर तरीके भी समझाए गए। सांसद ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी, और निस्तारण का भरोसा दिलाया।
विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता एसएन शुक्ल ने बताया कि सरकार गरीबों को उजाला योजना के तहत निशुल्क विद्युत कनेक्शन दे रही है। साथ ही विद्युत की खपत कम करने के लिए सस्ते दर पर एलईडी बल्ब उपलब्ध करा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से प्रकाश के लिए एलईडी बल्ब का प्रयोग करने का आह्वान किया। जिला विकास अधिकारी मथुरा प्रसाद मिश्र ने भी ग्रामीणों के बीच सरकार की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस मौके पर एसडीएम पंकज सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।