अंबेडकरनगर। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में शनिवार को हुई भारी वर्षा से आम जनजीवन पूरी तरह अस्तव्यस्त हो गया। लगभग पूरे दिन रुक रुककर मूसलधार बारिश का दौर चला। इससे जगह जगह जलनिकासी की समस्या उत्पन्न हो गई। कई क्षेत्रों में सड़कें जलाशय में तब्दील हो गईं। इससे संबंधित क्षेत्र के लोगों को आवागमन में व्यापक मुश्किलें उठानी पड़ीं। भारी बारिश का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि खेतों में भी पानी भर गया। कुछ क्षेत्रों में धान की फसल पूरी तरह जलमग्न हो गई। इससे किसानों के चेहरे खिल उठे। उनका कहना था कि यदि इसी प्रकार से समय-समय पर बारिश होती रहे, तो धान की बेहतर उपज होने की संभावना है।
वैसे तो शुक्रवार से ही बारिश का दौर शुरू हो गया था। यह सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा। शनिवार को सुबह से ही भारी बारिश का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक चलता रहा। दिन में कई बार मूसलधार बारिश होने से जिला मुख्यालय समेत अन्य नगरीय क्षेत्रों में जलनिकासी समस्या उत्पन्न हो गई। अकबरपुर नगर के फैजाबाद रोड पर शीतला आश्रम से बनगांव रोड तक की लगभग 200 मीटर सड़क पूरी तरह जलाशय में तब्दील हो गई। घुटने तक पानी भर गया। इसके अलावा शहजादपुर सब्जी मंडी, चौक शहजादपुर, अकबरपुर बस स्टेशन क्षेत्र, कृषि भवन के निकट, पीडब्ल्यूडी कार्यालय, कलेक्ट्रेट के निकट व अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र की कई स्थानों पर नाले-नालियों का गंदा पानी सड़क पर बहने लगा।
इसके अलावा जलालपुर, बसखारी, महरुआ, भीटी, जहांगीरगंज, राजेसुल्तानपुर, पदुमपुर, हजपुरा आदि क्षेत्रों में भी जलभराव की मुश्किल खड़ी हो गई। नतीजा यह हुआ कि संबंधित क्षेत्र में लोगों को आवागमन में व्यापक मुश्किलों का सामना करना पड़ा। लोगों को घुटने तक पानी में घुसकर आवागमन को मजबूर होना पड़ा।
प्रभावित हुआ आम जनजीवन
शनिवार को लगभग पूरे दिन हुई बारिश से आम जनजीवन पूरी तरह अस्तव्यस्त हो गया। पानी में भीगते हुए छात्र-छात्राओं को जहां विद्यालय जाने को मजबूर होना पड़ा, वहीं कार्यालय में भी विलंब से कर्मचारी पहुंचे। सरकारी व गैरसरकारी कार्यालयों में जहां कर्मचारियों की उपस्थिति प्रभावित हुई, वहीं विद्यालयों में भी अन्य दिनों के सापेक्ष छात्र-छात्राएं कम पहुंचे। हालांकि खराब मौसम के बावजूद जिला मुख्यालय समेत ग्रामीण क्षेत्र की छोटी बड़ी बाजारें गुलजार रहीं।
खेतों में भरा पानी
शनिवार को हुई झमाझम बारिश से पहली बार खेतों में पानी भर गया। जिन्होंने विलंब से धान की रोपाई की थी, उनकी फसल पूरी तरह जलमग्न हो गई। इससे किसानों के चेहरे खिल उठे। अकबरपुर के किसान संतराम व जहांगीरगंज के राधेश्याम ने कहा कि इसी तरह की बारिश की जरूरत थी। जिस प्रकार से खेत में पानी भरा है, उससे फसल को व्यापक लाभ मिलेगा। कहा कि यदि इसी प्रकार से समय समय पर बारिश होती रहे, तो बेहतर फसल की उम्मीद की जा सकती है।