अंबेडकरनगर। मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मंगलवार को सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान मिलावट के संदेह में पनीर, खोआ, सेवई, नमकीन, मिल्क क्रीम, छेना मिठाई, दूध समेत 13 नमूने लिए। बाद में सभी नमूनों को जांच के लिए भेज दिया गया।
ईद उल अजहा व रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश पाने के लिए जिलाधिकारी सुरेश कुमार के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मंगलवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी केके उपाध्याय के नेतृत्व में टीम ने इल्तिफातगंज बाजार के आजादनगर में प्रेमप्रकाश की मिठाई की दुकान पर छापा मारा। यहां मिलावट के संदेह में नमकीन का नमूना लिया। विद्युतनगर टांडा में जैसराज यादव की डेयरी से पनीर का नमूना, तो अलीगंज स्थित मो. यूसुफ के कारखाने से सेवई का नमूना मिलावट के संदेह में लिया। इसके बाद टीम ने बरुआजलाकी स्थित पंकज वर्मा की आरडी डेयरी पर छापा मारा। यहां खोआ का नमूना लिया।
टीम ने टांडा रोड स्थित फतेहपुर स्थित अविनाश मौर्या की मिठाई की दुकान से गरी मिठाई का नमूना, तो मीरानपुर एनटीपीसी स्थित सालिकराम की मिठाई की दुकान से खोआ का नमूना लिया।
कटरिया विद्युतनगर स्थित दीपनरायन की लक्ष्मी मिष्ठान भंडार से खोआ, सद्दरपुर स्थित रिपन विश्वास की मिठाई की दुकान से छेना मिठाई, अरियाबाजार में दूधिया दयाराम से दूध, इनामीपुर स्थित नीलू वर्मा के दूध की दुकान से मिल्क क्रीम, कश्मीरिया टांडा स्थित सीपी डेयरी से दूध, सद्दरपुर स्थित सर्वजीत यादव के शिव डेयरी से पनीर, नेहरूनगर स्थित सुरेंद्र कुमार के यादव डेयरी से खोआ का नमूना लिया। बाद में सभी नमूनों को जांच के लिए भेज दिया गया।
मुख्य खाद्य अधिकारी ने बताया कि आगे भी छापेमारी अभियान जारी रहेगा। टीम में रतनाकर पांडेय, भानु प्रताप सिंह, गुलाबचंद्र गुप्त, हंसराज, एसके पांडेय, अखिलेश कुमार व चित्रसेन मौजूद रहे।