अंबेडकरनगर। मुजफ्फरपुर व देवरिया कांड के विरोध में आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को अकबरपुर नगर के फौव्वारा तिराहा के निकट प्रदर्शन किया। कहा गया कि दोनों मामलों की सीबीआई जांच कराई जाए। दोषियों को तीन वर्ष के अंदर फांसी सजा दी जाए। चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र ही आवश्यक कदम नहीं उठाया गया, तो बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा।
जिला अध्यक्ष राजेंद्र वर्मा ने कहा कि एक तरफ बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा दिया जाता है, तो दूसरी तरफ बेटियों को सुरक्षा प्रदान करने को लेकर कोई गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। मुजफ्फरपुर में नारी संरक्षण गृह व देवरिया में महिला संरक्षण गृह में जिस प्रकार से बालिकाओं के यौन शोषण का मामला सामने आया है, वह झकझोर देने वाला है।
मुजफ्फरपुर कांड में एक मंत्री की संलिप्तता सामने आ रही है, तो देवरिया में लाइसेंस निरस्त होने के बाद भी उसका संचालन धड़ल्ले से जारी रहा। ऐसा किसी सफेदपोश के संरक्षण में ही संभव है। कहा कि दोनों मामलों की सीबीआई जांच कराई जाए। दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए तीन वर्ष में उन्हें फांसी दिए जाने का कानून पारित किया जाए।
वक्ताओं ने कहा कि मुजफ्फरपुर व देवरिया जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाया जाए। ऐसे संरक्षण गृहों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए, जो लाइसेंस निरस्त होने के बाद भी संचालित हो रहे हैं। बाद में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया। इस दौरान विनय पटेल, नीलम सिंह, मोईनुलहक, सौरभ पटेल, कासिम अब्बास आदि मौजूद रहे।