आलापुर (अंबेडकरनगर)। पूर्वांचल के ख्यातिलब्ध ऐतिहासिक महात्मा गोविंद साहब तपोस्थली के जर्जर मंदिरों का मुद्दा देश की संसद में पहुंच गया है। शुक्रवार देरशाम संसद की कार्यवाही के दौरान भाजपा संसदीय दल के मुख्य सचेतक एवं संतकबीरनगर सांसद शरद त्रिपाठी ने गोविंद साहब का मुद्दा लोकसभा में उठाया। कहा कि मेरे संसदीय क्षेत्र के अंबेडकरनगर जिले के आलापुर तहसील में स्थित महात्मा गोविंद साहब धाम की पूर्वांचल के कई राज्यों में ख्याति है। इस तपोस्थली पर प्रतिवर्ष एक माह तक लगने वाले मेले में उत्तर प्रदेश के साथ-साथ बिहार एवं झारखंड, मध्यप्रदेश जैसे कई अन्य राज्यों के श्रद्धालु खिचड़ी चढ़ाने एवं दर्शन करने आते हैं। पर्यटन की दृष्टि से तपोस्थली का उतना विकास नहीं हो पाया है। गोविंद साहब को देश के पर्यटन मानचित्र पर अंकित कर उसे राष्ट्रीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाए। गोविंद साहब धाम के कई सौ वर्ष पुराने मंदिरों की हालत काफी जर्जर हो गई है। उनकी शीघ्र मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कराए जाने की जरूरत है। सांसद के इस प्रयास की क्षेत्र के लोगों ने सराहना की है। क्षेत्रीय विधायक अनीता कमल, पूर्व विधायक त्रिवेणीराम, विधायक प्रतिनिधि अवधेश कमल, आनंद जायसवाल, अरविंद उपाध्याय, अभिषेक कनौजिया, अमरेन्द्रकांत, भगवान पाण्डेय व विनेश आदि ने खुशी का इजहार किया है।