अंबेडकरनगर। मरीजों को सस्ते दर पर जेनरिक दवाएं उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार द्वारा संचालित आयुष्मान भारत योजना जिले में अब तक गति नहीं पकड़ सकी है। अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जिला अस्पताल व राजकीय मेडिकल कॉलेज समेत कुल 36 अस्पतालों में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खोले जाने व केंद्रों पर आयुष्मान मित्र की तैनाती किए जाने का निर्देश शासन स्तर पर दिया गया है। इसके बावजूद अब तक जिले में मात्र जिला अस्पताल में ही औषधि केंद्र की स्थापना की जा सकी है। और तो और इस केंद्र पर अब तक आयुष्मान मित्र की तैनाती भी नहीं की जा सकी है। मौजूदा समय में केंद्र का संचालन ठेके पर रखे गए कर्मचारियों द्वारा किया जा रहा है।
केंद्र सरकार ने मरीजों को सस्ते दर पर जेनरिक दवाएं उपलब्ध कराए जाने का निर्णय लिया है। इसके तहत केंद्र सरकार द्वारा आयुष्मान भारत योजना की शुरुआत की गई। योजना के तहत चयनित अस्पतालों में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खोले जाने व उसके कुशल संचालन के लिए प्रत्येक केंद्र पर आयुष्मान मित्र की तैनाती किए जाने का प्राविधान रखा गया। योजना के तहत जिले में कुल 36 अस्पतालों में केंद्र खोले जाने निर्देश दिया गया। इसमें जिला अस्पताल, राजकीय मेडिकल कॉलेज, आठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, दो उच्च प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व 24 अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं।
योजना को लेकर शिथिलता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अब तक मात्र जिला अस्पताल परिसर में ही प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का संचालन प्रारंभ किया जा सका है। गत 14 जुलाई को समारोहपूर्वक इस केंद्र का शुभारंभ किया गया, लेकिन अब तक यहां आयुष्मान मित्र की तैनाती नहीं की जा सकी है। ऐसे में ठेके पर तैनात कर्मचारियों द्वारा केंद्र का संचालन किया जा रहा है। इतना ही नहीं, लगभग एक सप्ताह से शुगर व बीपी की दवा केंद्र पर समाप्त हो चुकी है। इसकी उपलब्धता न होने पर संबंधित मरीजों को बाहर से दवाएं लेने को मजबूर होना पड़ रहा है।
प्रतिदिन डेढ़ सौ मरीजों को मिल रहा लाभ
मेडिकल स्टोरों पर मिलने वाली दवाओं के सापेक्ष लगभग 60 गुना कम दाम होने के चलते मरीजों का रुझान जिला अस्पताल में स्थापित केंद्र से जेनरिक दवाओं की तरफ बढ़ा है। अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि प्रतिदिन लगभग डेढ़ सौ मरीज इस केंद्र पर पहुंचकर दवाएं ले रहे हैं। इस औषधि केंद्र पर लगभग डेढ़ सौ प्रकार की दवाएं उपलब्ध कराए जाने का दावा केंद्र संचालकों द्वारा किया जा रहा।
शीघ्र ही मेडिकल कॉलेज में खुलेगा केंद्र
आयुष्मान योजना के तहत प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र की स्थापना जिला अस्पताल में कर दी गई है। राजकीय मेडिकल कॉलेज में शीघ्र ही केंद्र का संचालन प्रारंभ हो जाएगा। इसके अलावा अन्य चयनित केंद्रों पर केंद्र संचालन प्रारंभ करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। -डॉ. सालिकराम पासवान, प्रभारी सीएमओ