अंबेडकरनगर। अकबरपुर तहसील में मंगलवार को सुबह से बीएसएनएल नेटवर्क में गड़बड़ी हो गई। नतीजा यह हुआ कि फीडिंग के साथ ही खतौनी की नकल, आय, जाति व निवास प्रमाणपत्र निकाले जाने का कार्य प्रभावित हो गया। इससे विभिन्न कार्यों के लिए आए लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। गड़बड़ी को देर शाम तक ठीक नहीं कराया जा सका था।
मंगलवार सुबह अकबरपुर तहसील का बीएसएनएल नेटवर्क अचानक फेल हो गया। सुबह दस बजे जब कार्यालय खुला, तो नेटवर्क फेल होने के चलते फीडिंग का कार्य नहीं हो सका। इसके अलावा खतौनी की नकल निकालने के साथ ही आय, जाति व निवास प्रमाणपत्र का भी कार्य भी ठप हो गया।
खतौनी की नकल निकलवाने पहुंचे अफजलपुर के राजितराम व शहजादपुर के गुलाम सुल्तानी ने कहा कि बड़ी उम्मीद के साथ वे तहसील आए थे। यहां आकर पता चला कि नेटवर्क फेल है। काफी देर तक इंतजार करने के बाद भी जब गड़बड़ी दूर नहीं हुई, तो मजबूर होकर वापस लौटना पड़ रहा है।
मुबारकपुर डइयाडीह के मंशाराम व मजीसा के फूलपत्ती ने कहा कि वे भी खतौनी की नकल निकालने के लिए आए थे। नेटवर्क फेल होने के चलते उन्हें नकल नहीं प्राप्त हो सकी।
अकबरपुर के राजेश व संतोष ने कहा कि तहसील का नेटवर्क अक्सर गड़बड़ होता रहता है। इस तरफ जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान नहीं जा रहा है। मंगलवार शाम तक गड़बड़ी दूर नहीं की जा सकी थी। एसडीएम अभिषेक पाठक ने बताया कि नेटवर्क में गड़बड़ी होने के चलते कुछ कार्य प्रभावित हुआ।