अंबेडकरनगर। अकबरपुर विद्युत उपकेंद्र के टाउन व स्पेयर फीडर से जुड़े करीब एक लाख लोगों की बिजली आपूर्ति बीते 24 घंटे से बाधित है। दरअसल परिसर में लगा पांच एमवीए का ट्रांसफार्मर का सीटी कंट्रोलर सोमवार की शाम धू-धूकर जल गया। आग की लपटों से आसपास के पेड़ भी जलने लगे। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई।
आनन-फानन में आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक इस ट्रांसफार्मर से जुड़े तीन फीडरों से होने वाली विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो चुकी थी। पटेलनगर फीडर से जुड़े उपभोक्ताओं को बिजली उपलब्ध कराने के लिए उसे दूसरे फीडर से जोड़ दिया गया, जबकि अन्य दो फीडर टाउन व स्पेयर के उपभोक्ताओं को मंगलवार देर शाम तक बिजली नहीं उपलब्ध हो सकी। इससे संबंधित फीडर से जुड़े करीब एक लाख उपभोक्ताओं को विभिन्न प्रकार की मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
अकबरपुर विद्युत केंद्र में लगे पांच एमवीए के ट्रांसफार्मर से पटेलनगर, टाउन व स्पेयर फीडर जुड़े हैं। इन फीडरों से अकबरपुर नगर के कुछ क्षेत्रों के साथ ही लगभग तीन दर्जन गांवों को विद्युत आपूर्ति की जाती है।
सोमवार शाम अचानक ट्रांसफार्मर का सीटी कंट्रोलर अचानक धू-धूकर जलने लगा। आग की लपटों से आसपास के पेड़ भी जलने लगे। यह देख कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे कर्मियों और अन्य लोगों ने मिट्टी व बालू डालकर आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक ट्रांसफार्मर का सीटी कंट्रोलर पूरी तरह जल गया।
नतीजा यह हुआ कि पटेलनगर फीडर से जुड़े अकबरपुर नगर के पटेलनगर, गांधीनगर, कोटवा महमदपुर, राबीबहाउद्दीनपुर, कटरिया याकूबपुर, पसियापारा के अलवा टाउन फीडर से जुड़े महुवारी, धौराहरा, गौहन्ना, बरधाभिउरा, चनवां, कटरिया, सोनगांव, मीरपुर, कोडऱा, सुईडीह, घटकना, किशुनपट्टी, जमालपुर, गौरा, पकड़िया, मुंगरी, अटंगी, करमा जगदीशपुर, रानीपुर, नौगवां तथा स्पेयर फीडर से जुड़े गदायां, अमरौला, सम्मोपुर, ककरडिल्ला, रोशनगढ़, सद्दरपुर, सैदापुर, इटरौरा, कजरी जमालुद्दीन, भड़सार, लहंगी का पूरा, बभनापुर आदि गावों की बिजली गुल हो गई।
इससे इन फीडरों से जुड़ी एक लाख से अधिक आबादी प्रभावित हुई। हालांकि देर शाम पावर कॉरपोरेशन अधिकारियों ने पटेलनगर फीडर को दूसरे फीडर से जोड़कर आपूर्ति बहाल कर दी, लेकिन टाउन व स्पेयर फीडर से जुड़े उपभोक्ताओं को विद्युत आपूर्ति बहाली को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। नतीजा यह रहा कि पूरी रात लगभग एक लाख की आबादी को अंधेरे में ही गुजारने को मजबूर होना पड़ा।
टाउन व स्पेयर से जुड़े उपभोक्ताओं को बिजली न उपलब्ध होने से उन्हें एक तरफ जहां पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी, वहीं मंगलवार सुबह उनके समक्ष पेयजल का संकट भी खड़ा हो गया। उन्हें पानी के लिए इधर-उधर की दौड़ लगानी पड़ी। उपभोक्ता अनंतराम व सुनील शर्मा ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को सुचारु बिजली उपलब्ध कराने को लेकर पावर कॉरपोरेशन अधिकारी व कर्मचारी लापरवाह बने हुए हैं।
नहीं पहुंच सकी तकनीकी टीम
ट्रांसफार्मर के सीटी कंट्रोलर के फुंकने के बाद उपभोक्ताओं को सुचारु बिजली उपलब्ध कराने को लेकर पावर कॉरपोरेशन अधिकारी व कर्मचारी कितना गंभीर हैं, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि गड़बड़ी दूर करने को लेकर फैजाबाद से अब तक जिले में तकनीकी टीम नहीं पहुंच सकी है।
गड़बड़ी दूर करने का हो रहा प्रयास
ट्रांसफार्मर का सीटी कंट्रोलर फुंक गया है। इससे टाउन व स्पेयर फीडर से विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई है। ट्रांसफार्मर में आई गड़बड़ी को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। उम्मीद है कि मंगलवार देर शाम तक गड़बड़ी दूर कर आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
- एके यादव, अधिशाषी अभियंता अकबरपुर विद्युत उपकेंद्र