अंबेडकरनगर। जिला बार एसोसिएशन के चुनाव परिणाम की घोषणा मंगलवार को हुई। इसमें अध्यक्ष पद पर वरिष्ठ अधिवक्ता त्रिभुवननाथ पांडेय ने जीत दर्ज की है। वहीं, सचिव पद पर अधिवक्ता मोहनलाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर विजय गुप्त, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर अधिवक्ता महावीर जायसवाल ने जीत हासिल की। बाद में अधिवक्ताओं ने विजयी पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
मंगलवार को जनपद न्यायालय परिसर में गहमागहमी के बीच बार एसोसिएशन चुनाव के मतों की गणना शुरू हुई। अध्यक्ष सुरेंद्रनाथ यादव के नेतृत्व में चुनाव के लिए नामित टीम के सदस्यों ने मतों की गणना का कार्य सुबह करीब साढ़े 10 बजे से शुरू हुआ। मतगणना के दौरान हो रहे उतार-चढ़ाव के बीच सभी लोगों के खेमे में हंसी व मायूसी भी देखने को मिलती रही।
शाम करीब साढ़े चार बजे मतों की गणना पूरी हुई। इसमें अध्यक्ष पद पर वरिष्ठ अधिवक्ता त्रिभुवननाथ पांडेय 421 मत पाकर जीत दर्ज की, उनके निकट प्रतिद्वंद्वी वरिष्ठ अधिवक्ता विनोद श्रीवास्तव को 402 मत मिले।
अध्यक्ष पद के उम्मीदवार इन्द्रमणि शुक्ल को 106 व ओमप्रकाश श्रीवास्तव को सिर्फ 69 मत मिले। सचिव पद पर अधिवक्ता मोहनलाल ने 361 मत पाकर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी रवीन्द्र उपाध्याय को 297, मसूद अहमद को 217 व बालकृष्ण तिवारी 85 मत मिले।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष के पद पर विजय गुप्त ने 423 मत पाकर जीत दर्ज की, जबकि निकटतम प्रतिद्वंद्वी अधिवक्ता गंगेश श्रीवास्तव को 337 व शमशेर उर्फ गुड्ड को 200 को मत मिले। कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर अधिवक्ता महावीर जायसवाल ने 497 मत पाकर जीत दर्ज की, जबकि प्रतिद्वंद्वी श्वेत सिंह राणा को 468 मत ही मिले।