अंबेडकरनगर। लगातार हो रही बारिश ने जिले में जलनिकासी का बड़ा संकट खड़ा कर दिया है। रविवार देर शाम से हुई तेज बारिश के चलते जिला मुख्यालय समेत अन्य नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में सोमवार को बड़े पैमाने पर जलभराव की समस्या देखने को मिली। अकबरपुर नगर के अलावा अन्य नगरीय क्षेत्रों के प्रमुख स्थल पूरी तरह जलमग्न हो गए। जलाशय में तब्दील हुई सड़कों पर लोगों को आवागमन में व्यापक मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उधर तेज बारिश से खेतों में पानी भर गया, जिससे न सिर्फ चारों तरफ पानी ही पानी नजर आने लगा, बल्कि किसानों के चेहरे भी खिल उठे। तेज बारिश के बावजूद किसान धान की रोपाई में जुटे रहे।
शनिवार रात से शुरू हुआ बारिश का दौर सोमवार को भी जारी रहा। तेज बारिश ने जिला मुख्यालय से लेकर नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में जलनिकासी की पोल खोल दी। जलभराव के बढ़े संकट की मार आमजन को भुगतने को मजबूर होना पड़ा। सोमवार पूर्वाह्न तक हुई तेज बारिश के चलते समूचे जिले के प्रमुखस्थल व सड़कें पूरी तरह जलमगभन हो गईं। चारों तरफ सिर्फ पानी ही पानी दिखाई दे रहा था। अकबरपुर नगर के शीतला आश्रम से बनगांव रोड तक लगभग 300 मीटर लंबाई में सड़क पूरी तरह जलाशय में तब्दील हो गई। ओवरब्रिज के नीचे की दोनों तरफ की पटरियां पूरी तरह जलमगभन बनी रही। बस स्टेशन क्षेत्र, सब्जी मण्डी, शहजादपुर चौक व पहितीपुर चौराहा जैसे महत्वपूर्ण जगहों पर भी जलभराव उत्पन्न हो गया। इसके अलावा जलालपुर, भीटी, महरुआ, बसखारी, टांडा, आलापुर, राजेसुल्तानपुर, जहांगीरगंज, हजपुरा, केदारनगर, कटेहरी प्रतिनिधियों के अनुसार सोमवार को दूसरे दिन भी हुई तेज बारिश के चलते प्रमुख मार्ग व स्थल जलमगभन हो गए। नतीजा यह रहा कि संबंधित मार्गों पर लोगों को आवागमन में व्यापक मुश्किलें उठानी पड़ी।
तेज बारिश में भी हुआ रोपाई का कार्य
सोमवार को सुबह से पूर्वाह्न तक हुई तेज बारिश से एक तरफ जहां खेतों में पानी भर गया, वहीं किसानों के चेहरे भी खिल उठे। चारों तरफ फैली हरियाली के बीच तेज बारिश के बावजूद महिला पुरुषों ने खेतों में पहुंचकर धान की रोपाई किया। अकबरपुर के किसान रामलखन, भीटी के किसान जगदीश व महरुआ के किसान अवधेश कुमार ने कहा कि बारिश ने धान किसानों की चिंता दूर कर दी है। शुरुआत में तो लग रहा था कि बारिश न होने से धान की फसल इस बार खराब होने वाली है, लेकिन बीते दो दिनों से शुरू हुए बारिश के दौर ने अच्छी उपज की उम्मीदें बढ़ा दी हैं।