हंसवर (अंबेडकरनगर)। गत दिवस राजस्थान में आयोजित विश्व शांति भारतीय संस्कृति इंटरनेशनल अवार्ड समारोह में बांसुरी वादक मुकेश ने जिले का नाम रोशन किया है। उन्हें मधुर बांसुरी वादन के लिए गोल्डेन इंडिया अचीवमेंट अवार्ड से नवाजा गया।
हंसवर थाना क्षेत्र के कटोखरगांव निवासी जगतनरायण प्रजापति के पुत्र मुकेश प्रजापति बांसुरी वादन एक के बाद एक हुनर का लोहा मनवा रहे हैं। बीते दिनों 11 से 15 जुलाई तक राजस्थान के उदयपुर में आयोजित विश्व शांति भारतीय संस्कृति इंटरनेशनल अवार्ड समारोह में उन्हें मधुर बांसुरी वादन के लिए गोल्डन इंडिया अचीवमेंट अवार्ड सौंपा गया। परिषदीय विद्यालय में शिक्षक बनने से पहले मुकेश के पिता पेंटर का काम करते थे। कला की विरासत भी उन्हें पिता सेे मिली है। युवा कवि के रूप में भी मुकेश की अपनी विशेष पहचान है। मुकेश के पिता ने बताया कि राजस्थान में आयोजित इस कार्यक्रम में देश के अलावा विदेशों की कई नामचीन हस्तियां शामिल रहीं। इसके अलावा आगामी 21 से 26 अगस्त तक पश्चिम बंगाल में आयोजित चित्र प्रदर्शनी सम्मान समारोह में मुकेश को प्रगति कला रत्न सम्मान से विभूषित किया जाएगा। मुकेश को मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में जाने माने कलाकारों के नाट्य मंच पर संगीत निर्देशन का मौका मिल चुका है। इस सफलता पर रामसिंह यादव, आर्य हरीश कौशलपुरी, अंशू बग्गा, प्रवीण गुप्ता, वीके वर्मा, संजय प्रजापति, दुर्गेश प्रजापति, कमलेश यादव, कोमल शास्त्री आदि ने खुशी का इजहार किया है।