अंबेडकरनगर। मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वाले 13 लोगों पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है। दरअसल गत दिवस खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने अभियान चलाकर विभिन्न दुकानों से मिलावट के संदेह में नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिया था। जांच में 13 नमूने अधोमानक व मिश्रित पाए गए। इस पर विभाग ने संबंधित दुकानदारों व विक्रेताओं से स्पष्टीकरण मांगा है। कहा गया कि संतोषजनक जवाब न देने पर संबंधित के विरुद्ध न्याय निर्णायक अधिकारी/एडीएम न्यायालय में वाद दायर कराया जाएगा।
गौरतलब है कि जिलाधिकारी सुरेश कुमार के निर्देश पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश पाने व इसमें लिप्त लोगों पर कार्रवाई करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सघन जांच अभियान चला रखा है। बीते दिनों अभियान चलाकर जिन नमूनों को जांच के लिए भेजा गया था, उनमें 13 नमूने जांच के बाद मिश्रित व अधोमानक पाए गए। अभिहित अधिकारी राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि अरिया बाजार स्थित अविनाश की मिठाई की दुकान से कपिल ब्रांड पापड़ी, अकबरपुर बस स्टेशन के निकट स्थित अवध रेस्टोरेंट से पनीर, मीरानपुर स्थित राजेंद्र जायसवाल की मिठाई की दुकान से खोआ, बसखारी स्थित जायका रेस्टोरेंट से खोआ, अरखापुर निवासी दूधिया सुरजीत वर्मा से दूध, जमालपुर स्थित जय शक्ति मिठाई की दुकान से मिल्क केक, महरुआ निवासी दूधिया दीपक से दूध, हरैया के दूधिया मनोज कुमार से दूध, इटरौरा स्थित मिठाई की दुकान से पनीर, अंझावा निवासी दूधिया सोमनाथ से दूध, सीपी डेयरी से दूध, राजेसुल्तानपुर स्थित विशु विश्वास की मिठाई की दुकान से छेना व मुस्तफाबाद निवासी दूधिया अरविंद यादव से दूध का नमूना जांच में मिश्रित व अधोमानक पाए गए।
बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित को नोटिस जारी किया गया। इसमें उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। यदि जवाब संतोषजनक नहीं रहा, तो संबंधित के विरुद्ध न्याय निर्णायक अधिकारी/एडीएम न्यायालय में वाद दायर किया जाएगा।