अंबेडकरनगर। जिले की दो बेटियों ने प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मैं हू बेटी पुरस्कार से सम्मानित होकर जिले का मान बढ़ाया है। इनमें से एक हैं प्रसिद्ध लोकगायिका डॉ. प्रतिमा यादव, जबकि दूसरी सामाजिक कांर्यकर्ता श्वेता सुमन। राजधानी में हुए सम्मान के बाद वापस लौटीं दोनों बेटियों ने कहा कि जिले की महिलाओं व युवतियों को अपने हक व अधिकार के लिए आगे आने के साथ ही दूसरों के लिए भी अनुकरणीय परिस्थति उत्पन्न करना चाहिए।
गौरतलब है कि प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार को किंगर्जा मेडिकल कालेज लखनऊ के कलाम सेंटर शिक्षा गृह में मैं हूं बेटी समारोह का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि महिला आयोग की अध्यक्ष जरीना उस्मानी समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों व गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में अलग-अलग क्षेत्रों में अतिमहत्वपूर्ण योगदान देने वाली 73 बेटियों को प्रतीक चिंह, सम्मानपत्र व अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजन समिति चेयरमैन रामप्रकाश वर्मा व अयोजन समिति की रीताप्रकाश मणिकर्णिका आदि की देखरेख में हुए आयोजन में जिले की दो बेटियों डॉ. प्रतिमा यादव व श्वेता सुमन को भी सम्मानित होने का गौरव हासिल हुआ। गौरतलब है कि लोक गायिका प्रतिमा को पहले भी कई बड़े पुरस्कार मिल चुके हैं। विभिन्न महोत्सवों में भागीदारी के साथ ही वे आकाशवाणी व दूरदर्शन से भी जुड़ी हुई हैं। राज्य सरकार की तरफ से उन्हें विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भागीदारी के लिए भेजा जाता है। अकबरपुर निवासिनी श्वेता सुमन महिलाओं व युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही हैं। उनके द्वारा कई प्रकार के निशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। प्रतिमा व श्वेता को सम्मानित किए जाने का बढ़ चढ़कर स्वागत हुआ है। सामाजिक कार्यकर्ता राजन सुमन, अंशू बग्गा, प्रवीण गुप्त, आशुतोष पाठक, डॉ. रमाकांत मिश्र, घनश्याम गुप्त, वीरेंद्र सेठनरेंद्र जायसवाल व विशु सोनी आदि ने इस सफलता पर दोनों बेटियों को बधाई देते हुए कहा कि इससे जिले का मान बढ़ा है। उधर शनिवार को वापस पहुंचने के बाद श्वेता व प्रतिमा ने सम्मानित होने को गौरव बताते हुए कहा कि जिले की सभी बेटियों को जागरूक होकर आगे बढ़ना होगा।