टांडा (अमर उजाला ब्यूरो)। नगर पालिका परिषद टांडा बोर्ड की बैठक बुधवार को पालिका अध्यक्ष रेहाना अंसारी की अध्यक्षता में पालिका सभागार में हुई। इसमें लगभग सवा 6 करोड़ रुपये आय का बजट सर्वसम्मति से पारित हुआ। स्टील के तीन पानी टैंकर, एक मिनी पिकअप वाहन खरीदने के साथ ही 15 स्थानों पर वाटर कूलर लगाने का भी प्रस्ताव पारित हुआ। तय किया गया कि मार्ग प्रकाश के लिए 10 लाख रुपए के उपकरण खरीदे जाएंगे।
बुधवार को हुई बैठक में नगर पालिका परिषद टांडा द्वारा कुल 25 प्रस्ताव पटल पर रखे गए। इसमें एक मोबाइल शौचालय, नगर में कीटनाशक दवाओं के छिड़काव के लिए दवाओं की खरीद, स्वास्थ्य अनुभाग में एक मिनी पिकअप की खरीद के साथ ही तय किया कि पेयजल बेहतरी के लिए तीन स्टील के टैंकर भी खरीदे जाएंगे। नगर के 15 स्थानों पर वाटर कूलर की स्थापना के साथ ही तय हुआ कि डोर टू डोर कूड़ा एकत्र करने के लिए ठेलिया व अन्य उपकरण की खरीददारी होगी। प्रकाश व्यवस्था के लिए लगभग 10 लाख के उपकरणों की खरीद का प्रस्ताव भी पारित हुआ। तय हुआ कि सिकन्दराबाद तालाब का सौन्दर्यीकरण कराया जाएगा। विभिन्न वार्डों में नाली व मार्ग निर्माण की भी मंजूरी दी गई। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रेहाना अंसारी ने सभासदों से कहा कि उन सभी पर नगर के विकास की बड़ी जिम्मेदारी है। विकास के लिए बहुत कुछ करना है। इसे तेजी से करना होगा। तभी काम पूरा हो सकेगा। जनता की उम्मीदों खरा उतरने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। अध्यक्ष ने कहा कि विकास के लिए धन की कमी नही होने दी जाएगी। इसके लिए वे लगातार शासन से संपर्क में रहेंगी। बैठक का संचालन ईओ आशीष ओझा ने किया। इस मौके पर हयात मोहम्मद, प्रिंस राय के अलावा बड़ी संख्या में सभासद व कर्मचारी मौजूद रहे।