अंबेडकरनगर। भारतीय दूरसंचार सेवा बुधवार को एक बार फिर से बेपटरी हो गई। फैजाबाद में केबिल क्षतिग्रस्त होने से बुधवार भोर से पूर्वाह्न 11 बजे तक सेवा पूरी तरह ठप रही। इससे बीएसएनएल मोबाइल उपभोक्ताओं को जहां विभिन्न प्रकार की मुश्किलें उठानी पड़ी, वहीं बैंकों व तहसीलों में भी कार्य प्रभावित हुआ। पूर्वाह्न 11 बजे के बाद गड़बड़ी दूर होने के बाद आवश्यक सुचारु रूप से हुए।
गौरतलब है कि भारतीय दूरसंचार सेवा अक्सर उपभोक्ताओं का साथ छोड़ती रहती है। लगभग एक सप्ताह पूर्व फैजाबाद में आई गड़बड़ी के चलते बीएसएनएल सेवा ठप हो गई थी। गड़बड़ी को 24 घंटे बाद दुरुस्त किया जा सका था। इससे बैंकों, तहसील कार्यालयों समेत अन्य कार्यालयों में भी कार्य पूरी तरह ठप रहा था। इस बीच बुधवार को एक बार फिर से बीएसएनएल सेवा ने उपभोक्ताओं का साथ छोड़ दिया। बताया जाता है कि बुधवार भोर में फैजाबाद में केबल कट गई। इससे सेवा बाधित हो गई। नतीजा यह रहा कि बीएसएनएल सिमधारकों के समक्ष मुश्किलें खड़ी हो गईं। उन्हें बात करने के लिए दूसरी कंपनी के सिम का सहारा लेने को मजबूर होना पड़ा। सुबह दस बजे जब बैंक खुले, तो बीएसएनएल सेवा के ठप होने से कार्य प्रारंभ नहीं हो सका।
पूर्वाह्न 11 बजे लगभग गड़बड़ी दूर हुई, तो लगभग 6 घंटे बाद सेवा बहाल हो सकी। इसके बाद बैंक समेत अन्य कार्यालयों में सुचारु रूप से कार्य प्रारंभ हुआ। बीएसएनएल उपभोक्ता रमाशंकर, शहाब परवेज व सुधीर ने कहा कि बीएसएनएल सेवा के आए दिन बाधित होने के चलते उन्हें अब दूसरी कंपनी के सिम का सहारा लेने को मजबूर होना पड़ रहा है। सुचारु रूप से सेवा का संचालन हो सके, इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाया जाना चाहिए। दूरसंचार अधिकारी उदयराज ने बताया कि फैजाबाद में केबिल कटने से कुछ गड़बड़ी आई थी, जिसे पूर्वाह्न 11 बजे तक ठीक कर लिया गया।