अंबेडकरनगर। साइकिल से मामा के घर जा रहे चचेरे भाइयों को तेज रफ्तार कार ने राैंद दिया। इससे एक किशोर की घटनास्थल पर मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत जिला अस्पताल में गंभीर बनी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, अन्य मार्ग दुर्घटनाओं में दो लोग घायल हो गए।
अकबरपुर थाना अंतर्गत खपुरा गांव निवासी शिवा (10) पुत्र संतराम अपने चचेरे भाई सुल्तानपुर जनपद के दोस्तपुर थाना अंतर्गत दोस्तपुर निवासी दीपक (15) पुत्र राजितराम के साथ शुक्रवार पूर्वाह्न साइकिल से करमपुर गांव निवासी मामा के यहां जा रहे थे। साइकिल दीपक चला रहा था, जबकि शिवा पीछे बैठा हुआ था। बताया जाता है कि जब वे दोनों पवित्र शिवबाबा के निकट पहुंचे, तो इसी बीच पीछे से आ रही कार ने उन्हें रौंद दिया। शिवा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया। जब तक इर्दगिर्द मौजूद लोग घटनास्थल पर पहुंचते, तब तक चालक वाहन लेकर भाग खड़ा हुआ। पुलिस ने घायल दीपक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उसकी हालत गंभीर बनी है।
इसके अलावा दोस्तपुर थाना अंतर्गत बबुरीपुर गांव निवासी श्यामलाल (45) पुत्र लक्ष्मीनरायन गुरुवार देर शाम बाइक से अकबरपुर से घर जाते समय गांव के निकट ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां हालत गंभीर होने पर ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। अकबरपुर थाना अंतर्गत लालापुर गांव निवासी नरायन (25) पदोही गुरुवार देर शाम बाइक से अकबरपुर से घर जो समय गांव के निकट बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।