अंबेडकरनगर। अकबरपुर तहसील अंतर्गत खानशाह सुलेमपुर गांव के निकट से होकर बह रहे थिरुआ नाले पर शीघ्र ही पुल का निर्माण होगा। लगभग 1 करोड़ 37 लाख रुपये की लागत से 18 मीटर लंबे पुल के निर्माण से दो दर्जन गांवों की 30 हजार से अधिक की आबादी को आवागमन में लाभ मिलेगा। वर्ष 2019 तक पुल का निर्माण कार्य पूर्ण हो सके, इसके लिए शासन की मंजूरी मिलने पर निर्माण की प्रक्रिया अतिशीघ्र शुरू हो सके, इसके लिए टेंडरिंग प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
अकबरपुर तहसील अंतर्गत खानशाह सुलेमपुर के निकट से होकर बह रह थिरुआ नाले ने दोनों तरफ के 25 से अधिक गांवों की दूरियां बढ़ा रखी हैं। संबंधित गांव के ग्रामीणों को लंबी दूरी तय कर एक दूसरे के गांव तक जाने को मजबूर होना पड़ता है। थिरुआ नाले पर लंबे समय से पुल के निर्माण की मांग की जा रही थी। वर्ष 2017 में पीडब्ल्यूडी के प्रांतीय खंड ने नाले पर 18 मीटर लंबे पुल के निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा था। लंबी प्रक्रिया व जद्दोजेहद के बाद गत दिवस शासन ने पुल निर्माण को मंजूरी प्रदान कर दी। 1 करोड़ 37 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले पुल के निर्माण की जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी को सौंपी गई। जून 2019 तक पुल का निर्माण पूर्ण हो सके, इसके लिए आवश्यक धनराशि भी गत दिवस शासन ने पीडब्ल्यूडी को उपलब्ध करा दिया।
धन की उपलब्धता होते ही पुल निर्माण के लिए पीडब्लूडी ने टेंडरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुल के निर्माण का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। पुल के निर्माण होने से खपुरा, खानशाह सुलेमपुर, डड़वा, जोरियाना, कटुई, डिहवा, शेखपुरा समेत लगभग डेढ़ दर्जन गावों की दूरिया सिमट जाएंगी। संबंधित गांव के ग्रामीणों को एक दूसरे के गांव पहुंचने व अकबरपुर बसखारी मार्ग मुख्य मार्ग पर पहुंचने के लिए लंबी दूरी नहीं करनी पड़ेगी।
पुल निर्माण से होगा व्यापक लाभ
शेखपुरा के मोहम्मद आलम व खपुरा के लालजी ने थिरुआ नाले पर पुल का निर्माण कराए जाने पर खुशी का इजहार करते हुए कहा कि लंबे समय से पुल निर्माण की मांग आब जाकर पूरी होने जा रही है। कहा कि इससे ग्रामीणों को आवागमन में व्यापक लाभ मिलेगा। खानशाह सुलेमपुर अमित कुमार सिंह ने कहा कि थिरुआ नाले पर पुल का निर्माण होने से लगभग डेढ़ गांव की दूरिया कम हो जाएंगी। एक दूसरे के गांव तक जाने के लिए अब तक काफी घूमकर जाना पड़ता था। इससे समय की बर्बादी होती थी। डड़वा के राजितराम व रक्षाराम ने कहा कि पुल का निर्माण कराया जाना एक सराहनीय कदम है। इसकी अत्यंत आवश्यकता थी। कहा कि अकबरपुर बसखारी मुख्य मार्ग पर आने के लिए लगभग डेढ़ किमी की दूरी तय करनी पड़ती थी, लेकिन पुल का निर्माण होने से यह दूरी घटकर मात्र आधा किमी रह जाएगी।
शीघ्र शुरू होगा निर्माण कार्य
थिरुआ नाले पर 18 मीटर लंबे पुल के निर्माण के लिए शासन से धनराशि उपलब्ध हो गई। टेंडरिंग प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। -यतेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता पीडब्लूडी