फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पौने नौ करोड़ की लागत से तीन वार्डों को मिलेगा पाइप लाइन से पेयजल

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर पालिका परिषद क्षेत्र में पौने नौ करोड़ रुपये की लागत से एक ओवरहेड टैंक व तीन ट्यूबवेल का निर्माण कराया जाएगा। लोगों के घरों तक सुचारु रूप से पानी पहुंच सके, इसके लिए 40 किमी क्षेत्र में पाइप लाइन भी बिछाई जाएगी। इससे तीन वार्ड सदरपुर, अहरिया व अमरौला की लगभग 20 हजार की आबादी को योजना का लाभ मिलेगा। योजना के तहत 1 करोड़ 51 लाख रुपये की लागत से नगर पालिका परिषद क्षेत्र के सदरपुर अहरिया में ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया है। उम्मीद है कि जुलाई माह में इसका लाभ लोगों को मिलना प्रारंभ हो जाएगा।
विज्ञापन

आमजन को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सके, इसके लिए केंद्र सरकार द्वारा अमृत योजना का संचालन किया जा रहा है। योजना के तहत अकबरपुर नगर पालिका परिषद के 25 वार्ड के सापेक्ष प्रथम चरण में ऐसे तीन वार्ड का चयन किया गया, जहां अब तक पाइप लाइन से पेयजल योजना का लाभ नहीं मिल सका है। इसमें अहरिया, सदरपुर व अमरौला वार्ड शामिल हैं। नगर पालिका परिषद प्रशासन ने गत दिवस सदरपुर में एक ओवरहेड टैंक निर्माण व तीन ट्यूबवेल के निर्माण तथा घर घर तक पेयजल आपूर्ति के लिए लगभग 40 किमी क्षेत्र में पाइप लाइन बिछाए जाने का प्रस्ताव शासन को भेजा था। संबंधित वार्डों के लोगों को सुचारु रूप से पेयजल उपलब्ध हो सके, इसके लिए शासन ने 8 करोड़ 81 लाख रुपये की मंजूरी प्रदान कर दी।
निर्माण कार्य प्रारंभ हो सके, इसके लिए आवश्यक धनराशि भी नगर पालिका परिषद को उपलब्ध करा दिया गया। धनराशि उपलब्ध होते ही सदरपुर में 1 करोड़ 51 लाख रुपये की लागत से ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया है। इस ओवरहेड टैंक के माध्यम से न सिर्फ सदरपुर, बल्कि इससे सटे अमरौला व अहरिया में जलापूर्ति की जाएगी। अमरौला वार्ड में पाइप लाइन बिछाए जाने का कार्य प्रारंभ हो गया है। लगभग छह किमी क्षेत्र में पाइप लाइन बिछाया भी जा चुका है। शीघ्र ही अन्य दोनों वार्डों में भी पाइप लाइन बिछाए जाने का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। उम्मीद है कि जुलाई माह के अंत तक संबंधित वार्ड की लगभग 20 हजार की आबादी को जलापूर्ति होना प्रारंभ हो जाएगी।
विज्ञापन


दूर होगी पेयजल समस्या
अहरिया के मेलाराम ने कहा कि नगर पालिका परिषद के विस्तारीकरण के बाद अहरिया को नगर पालिका क्षेत्र में शामिल तो कर लिया गया था, लेकिन पेयजल समस्या दूर करने को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया था। अब ओवरहेड टैंक का निर्माण होने से वार्ड में पेयजल समस्या दूर होगी। अमरौला के संदीप ने कहा कि अहरिया, अमरौला व सदरपुर ऐसे वार्ड में जहां वाटर सप्लाई के लिए पाइपलाइन अब तक नहीं थी। नगर पालिका प्रशासन की पहल पर अब तीनों वार्डों में पेयजल समस्या दूर होगी।


शुरू कर सकते हैं लोग आवेदन
अधिशासी अधिकारी के मुताबिक पाइप लाइन से पानी की आपूर्ति के लिए संबंधित वार्डों के नागरिक अपना आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए नगर पालिका परिषद कार्यालय में आवश्यक प्रक्रिया अपनाई जा सकती है। निर्धारित फॉर्म पर आवश्यक शुल्क जमा कर आने वाले दिनों में पाइप लाइन सुविधा का लाभ उठाया जा सकता है।

शीघ्र शुरू होगी जलापूर्ति
अहरिया वार्ड में 1 करोड़ 51 लाख रुपये की लागत से ओवरहेड टैंक का निर्माण कराया जा रहा है। इससे तीन वार्ड अहरिया, अमरौला व सदरपुर में जलापूर्ति कराई जाएगी। उम्मीद है कि जुलाई माह तक निर्माण कार्य पूर्ण कराने के साथ ही जलापूर्ति शुरू कर दी जाएगी। -सुरेश कुमार मौर्य, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद अकबरपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें