अंबेडकरनगर। बिना मान्यता के संचालित विद्यालयों पर बेसिक शिक्षा विभाग की नकेल लगातार कसती जा रही है। अन्य शिक्षा क्षेत्रों के बाद अब अकबरपुर शिक्षा क्षेत्र के 16 बगैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों को नोटिस जारी किया गया है। विभाग की ओर से आदेशित किया गया है कि तत्काल विद्यालयों का संचालन बंद किया जाए। अन्यथा की स्थिति में यदि जांच में संचालन मिला तो दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
शासन के सख्त निर्देश के बाद बेसिक शिक्षा महकमा बिना मान्यता वाले विद्यालयों के संचालन पर रोक लगाने को लेकर सख्त हो गया है। बीएसए अतुल कुमार सिंह के निर्देश के बाद जिले के शिक्षा क्षेत्रों के खंड शिक्षा अधिकारियों ने ऐसे विद्यालयों की सूची तैयार करनी शुरू कर दिया, जो लंबे समय से बिना मान्यता के चल रहे हैं। खंड शिक्षा अधिकारियों की रिपोर्ट के बाद अब बीएसए ने नोटिस भेजना शुरू कर दिया है। अकबरपुर शिक्षा क्षेत्र के 16 विद्यालयों को तत्काल संचालन बंद करने का निर्देश दिया गया है। इसमें विद्या साइंस एकेडमी चनवा चौराहा, डीडी बाल विद्या मंदिर मीरपुर शेखपुर, सर्वोदय पब्लिक स्कूल केशवपुर कजरी, आदर्श वैदिक बाल विद्या मंदिर रामपुर नरसिंहपुर, वीकेएस पब्लिक स्कूल कटरिया याकूबपुर, इंग्लिश ग्रामर स्कूल रगड़गंज, मदरसा हमीद स्मारक विद्यालय खुलासपुर, छविराजी देवी शिवराजपुर सस्पना, रामनगर दुर्गावती सरैया सस्पना, न्यू टेक पब्लिक स्कूल ताराखुर्द, एसजीएन पब्लिक स्कूल पयागपुर, आशाराम पब्लिक स्कूल मलपुरा सतरही, लिटिल फ्लावर स्कूल कृष्णानगर, वंशराज बालिका प्राथमिक विद्यालय बरवां नासिरपुर, इन्द्रावती जूनियर हाईस्कूल सुड़ारी व सरस्वती ज्ञान मंदिर न्योतरिया शामिल है। बीएसए ने संबंधित विद्यालय प्रबंधकों को तत्काल संचालन बंद करने की हिदायत दी है। कहा कि यदि संचलन बंद न हुआ तो दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।