अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर पालिका परिषद द्वारा क्षेत्र के सात स्थानों पर 51 लाख 50 हजार रुपये की लागत से कराए जा रहे 6 अत्याधुनिक शौचालय का निर्माण लगभग पूरा होने को है। पवित्र शिवबाबा परिसर में बन रहे शौचालय का शुभारंभ हो चुका है, जबकि छह स्थानों पर एक पखवारे के अंदर निर्माण कार्य पूर्ण हो जाएगा। ऐसे में लगभग 35 हजार की आबादी को इन शौचालयों का लाभ मिलेगा।
स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत गांव गांव में शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है। साथ ही खुले में शौच रोकने के लिए विभिन्न प्रकार का जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। योजना के तहत अकबरपुर नगर पालिका परिषद द्वारा भी नगर पालिका क्षेत्र में सार्वजनिक सुलभ शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है। गत दिवस ही नगर पालिका परिषद ने 7 लाख 50 हजार रुपये की दर से सात स्थानों पवित्र शिवबाबा परिसर, मिर्जापुर, अहरिया, सिझौली, लोरपुर ताजन, नासिरपुर बरवां व अटिका में अत्याधुनिक सार्वजनिक सुलभ शौचालय निर्माण को हरी झंडी प्रदान की थी। इसके लिए 51 लाख 50 हजार रुपये धनराशि को भी बोर्ड ने मंजूरी प्रदान कर दी थी।
पवित्र शिवबाबा परिसर में सार्वजनिक सुलभ शौचालय का निर्माण कार्य पूर्ण होने के साथ ही नगर परिषद अध्यक्ष सरिता गुप्ता द्वारा शुभारंभ हो चुका है, जबकि छह अन्य स्थानों पर निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। एक पखवारे के अंदर निर्माण कार्य पूर्ण होने की संभावना है। अत्याधुनिक शौचालय के निर्माण से संबंधित क्षेत्र की लगभग 35 हजार की आबादी को लाभ मिलेगा। बताते चलें कि इसके अलावा भी अकबरपुर नगर पालिका परिषद द्वारा अकबरपुर नगर के 5 स्थानों पर लगभग 41 हजार रुपये की लागत से एक सीट वाला फाइबर से निर्मित शौचालय की स्थापना की गई थी। उधर अधिशाषी अधिकारी सुरेश मौर्य ने बताया कि शिवबाबा परिसर में शौचालय का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जबकि छह अन्य स्थानों पर शीघ्र ही निर्माण कार्य पूर्ण हो जाएगा।