बसखारी (अंबेडकरनगर)। थाना अंतर्गत फसफसदास कुटी के निकट गुरुवार दोपहर सड़क के किनारे एक किशोर बेहोशी की दशा में मिलने से सनसनी फैल गई। आशंका जताई जा रही है, वह जहरखुरानी का शिकार हो गया है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर कुछ लोगों ने फसफसदास कुटी के निकट सड़क के किनारे एक युवक को बेहोशी की दशा में पड़ा देखा। यह देख उनमें सनसनी फैल गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। सूचना पर पुलिस ने बेहोश किशोर को सीएचसी बसखारी में भर्ती कराया। तलाशी पर उसकी जेब से मिले आधार कार्ड की मदद से किशोर की पहचान अजय (17) पुत्र शंकर वर्मा निवासी कर्बला कासिमपुर कोतवाली जलालपुर के रूप में हुई। इलाज के दौरान किशोर को कुछ देर के लिए होश आया, तो उसने बताया कि वह दिल्ली में रहकर एक निजी कंपनी में काम करता है। वह परिवहन निगम की बस से घर जा रहा था। वह फसफसदास कुटी कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी नहीं है। उसके साथ एक अटैची व एक झोला था। अटैची तो गायब थी, लेकिन झोला उसके पास मौजूद था। अजय पूरी तरह होश में न आ पाने के कारण यह नहीं बता सका कि अटैची में कितनी नगदी व कौन कौन सामान थे। थाना प्रभारी संदीप सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। घरवालों ने किसी प्रकार की तहरीर नहीं दी है। वह उसे लेकर जलालपुर चले गए।