अंबेडकरनगर। जिलेवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। स्टेट वार्षिक प्लान के तहत अकबरपुर नगर के गोहन्ना में 2 करोड़ रुपये की लागत से हाईटेक पार्क का निर्माण कराया जाएगा। अकबरपुर नगर पालिका परिषद ने इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर शासन को प्रस्ताव भेज दिया है। संभावना है कि इसी माह में शासन से पार्क निर्माण को हरी झंडी मिल जाएगी। हाईटेक पार्क जहां सोलर लाइट से जगमग होगा, वहीं इसे भव्यता प्रदान करने के लिए पहाड़ का भी निर्माण कराया जाएगा। शहरवासियों को यहां मॉर्निंग वॉक के साथ बोटिंग की भी व्यवस्था रहेगी।
गौरतलब है कि जिले में एकमात्र राजकीय उद्यान पार्क अकबरपुर में स्थापित है। वैसे तो यहां प्रतिदिन ही लोग परिवार के साथ पहुंचते हैं, लेकिन अवकाश के दिनों या फिर किसी पर्व में यहां आने वालों की संख्या काफी अधिक होती है। एकमात्र पार्क होने पर न सिर्फ अकबरपुर नगर, बल्कि जिले के अन्य क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग मौज मस्ती करने के लिए पार्क में पहुंचते हैं। वर्ष 2015-16 में अकबरपुर नगर पालिका द्वारा सद्दरपुर व 2016-17 में पवित्र शिवबाबा के निकट पार्क निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा था, जो कि मंजूर भी हो गया था। मंजूरी के बावजूद अब तक इन दोनों ही स्थानों पर पार्क का निर्माण नहीं शुरू हो सका। इसके चलते न सिर्फ नगरवासियों, बल्कि जनपदवासियों को मायूसी हाथ लगी।
अब शासन के स्टेट वार्षिक एक्शन प्लान के तहत 2017 से 2020 तक के लिए जो प्लान तैयार किया गया है, उसके तहत जिला मुख्यालय पर हाईटेक पार्क निर्माण का प्राविधान रखा गया। गत दिवस राज्य मिशन निदेशक लखनऊ ने अकबरपुर नगर पालिका परिषद प्रशासन से इस संबंध में भूमि उपलब्ध कराने के साथ ही अन्य आवश्यक जानकारियां उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था। इस पर नगर पालिका प्रशासन ने गोहन्ना में साढ़े चार बीघा भूमि पार्क के लिए चिन्हांकित कर आवश्यक पत्रावली शासन को उपलब्ध करा दी। लगभग दो करोड़ की लागत से बनने वाले इस पार्क में सभी आधुनिक सुुविधाएं होंगी। जिस भूमि का चिन्हांकन किया गया है, वहां पहले से ही एक तालाब है। इसका सुदृढ़ीकरण व सुंदरीकरण कराने के साथ ही न सिर्फ पक्की सीढ़ियां बनाई जाएंगी, बल्कि इसमें बोटिंग की भी सुविधा भी होगी। भव्यता बढ़ाने के लिए पार्क में कृत्रिम पहाड़ का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही पार्क को जमगम करने के लिए सोलर लाइट लगाई जाएगी।
उपलब्ध कराई गई भूमि
शासन की मंशानुरूप इाईटेक पार्क निर्माण के लिए भूमि को उपलब्ध करा दिया गया है। 16 अप्रैल को राज्य मिशन निदेशक की अध्यक्षता में लखनऊ में होने वाली बैठक में पार्क निर्माण को हरी झंडी मिलने के साथ ही राशि भी मंजूर कर दी जाएगी। इसके बाद निर्माण कार्य प्रारंभ करा दिया जाएगा। -सुरेश कुमार मौर्य, अधिशासी अधिकारी अकबरपुर नगर पालिका परिषद