अंबेडकरनगर। लखनऊ में गोमती रिवर फ्रंट की तर्ज पर टांडा तहसील में सरयू रीवर फ्रंट स्थापना की तैयारियां शुरू हो गई हैं। टांडा विधायक संजू देवी ने नदी के किनारे रिटेनिंग वाल, बाईपास मार्ग और घाट निर्माण, सरयू दर्शन केंद्र तथा प्राथमिक शोधन संयंत्र की स्थापना का प्रस्ताव प्रदेश के नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना को गत दिवस सौंपा। मंत्री ने इस पर प्रमुख सचिव नगर विकास को पूरा परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही का निर्देश दिया है। विधायक ने कहा कि सरकार इस मामले में अत्यंत गंभीर हैं। आवश्यक व्यवस्थाएं होने से टांडा का महत्व और ज्यादा निखर कर सामने आएगा तथा सभी लोगों को व्यापक सहूलियत मिलेगी।
गौरतलब है कि टांडा नगर प्रसिद्ध सरयू नदी के तट पर बसा हुआ है। टांडा नगर की ख्याति बुनकर नगरी के तौर पर देश के विभिन्न हिस्सों के अलावा विदेशों तक भी है। दूर दराज के कपड़ा व्यापारियों का निरंतर आवागमन बना रहता है। कृषि यंत्र उद्योग के मामले में भी टांडा का प्रदेश में एक खास स्थान है। राजनैतिक व सामाजिक रूप से भी समृद्ध माने जाने वाले टांडा में अब लखनऊ में गोमती रिवर फ्रंट की तर्ज पर सरयू रिवर फ्रंट की स्थापना का मार्ग प्रशस्त होने जा रहा है। इसके लिए टांडा विधायक संजू देवी ने मजबूती के साथ प्रयास शुरू किया है। प्रदेश के नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना से मिलकर उन्होंने गत दिवस इस आशय का मांग पत्र सौंपा। उसमें कहा गया कि सरयू नदी में बरसात के समय जलस्तर बढ़ने पर नदी का पानी टांडा नगर के आठ वार्डों तक पहुंच जाता है। इससे सामान्य जनजीवन अस्त व्यस्त होने के साथ ही बुनकर उद्योग पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। इसके स्थाई निस्तारण के लिए कलवारी घाट पुल से महादेव घाट तक सरयू नदी के किनारे रिटेनिंग वाल का निर्माण कराया जाना जरूरी है। रिवर फ्रंट योजना के तहत रिटेनिंग वाल निर्माण के साथ ही उसके बगल बाईपास मार्ग का निर्माण कराने से फैजाबाद, बस्ती व आजमगढ़ आदि जनपद के लोगों को भी खासी सुविधा प्राप्त होगी। विश्व प्रसिद्ध किछौछा दरगाह शरीफ आने वाले लोगों को भी मुश्किलों का सामना नही करना पड़ेगा। इसके लिए तीन लेन का हाफ एक्सप्रेस वे का निर्माण कराया जाए। टांडा नगर में सरयू नदी के तट पर स्थित विभिन्न घाटों का उच्चस्तरीय निर्माण कराकर उनका पर्यटन लायक सौंदर्यीकरण कराया जाए। टांडा नगर व मुबारकपुर से जो नाले सरयू नदी में मिल रहे हैं, उन्हें रोकने के लिए बड़े नाले का निर्माण कराकर पानी को किसी बाहरी क्षेत्र में निकालने की व्यवस्था की जाए। प्रदूषित पानी को शुद्ध करने के लिए प्राथमिक शोधन संयंत्र की स्थापना कराई जाए। इसके साथ सरयू दर्शन एवं पर्यटन के तहत वाटर स्पोर्ट, नौका संचालन समेत अन्य जरूरी प्रबंध किए जाए। बुनकरों की सुविधा के लिए बुनकर बाजार की भी स्थापना कराई जाए।
जल्द योजना लेगी आकार
टांडा विधायक संजू देवी के इस प्रस्ताव पर नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने प्रमुख सचिव को निर्देशित कर कहा है कि इसका परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही की जाए। विधायक ने मंत्री से मुलाकात के बाद उनके सकारात्मक रुख पर संतोष जताते हुए कहा कि इसका फायदा जल्द ही व्यापक विकास कार्यों के रूप में देखने को मिलेगा। जल्द ही सरयू रिवर फ्रंट टांडा में आकार लेता दिखाई पड़ेगा।