भीटी (अंबेडकरनगर)। संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की शिकायतों का सही निस्तारण न होने के चलते एसडीएम भीटी ने जिला गन्ना अधिकारी समेत 8 अधिकारियों को नोटिस जारी की है। कहा गया है कि 30 मार्च तक यदि लंबित समस्याओं का समाधान नही सुनिश्चित होता है तो संबंधित के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के लिए रिपोर्ट प्रेषित कर दी जाएगी।
संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायती पत्रों के निस्तारण को लेकर प्रशासन ने गंभीर रुख अपनाया है। ऐसे अवसरों पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण को लेकर मनमानी सामने आ रही थी। निस्तारण को प्रभावी बनाने के लिए शिकायतकर्ता से फोन पर यह अपडेट लिया जा रहा है कि वे उनके मामले में हुए न्याय से संतुष्ट हैं या नहीं। यदि शिकायतकर्ता संतुष्ट नहीं होता तो ऐसी शिकायत को कैटेगरी सी में डाल दिया जाता है। जो स्वत: ही सरकार की ऑनलाइन वेबसाइट में चली जाती है। ऐसी शिकायतों में पारदर्शिता न होने के कारण मामले को फिर से निस्तारित करने का आदेश दिया जाता है। ऐसे ही कई मामले बीते दिनों भीटी तहसील में भी सामने आए। समीक्षा में पाया गया कि शिकायतों के समुचित निस्तारण पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। इसे गंभीरता से लेते हुए एसडीएम हरीराम ने जिला गन्ना अधिकारी, भीटी थाना प्रभारी, खंड विकास अधिकारी कटेहरी, सहायक अभियंता नलकूप, वनाधिकारी तथा तीन सहायक चकबंदी अधिकारी को नोटिस जारी कर कहा गया है कि समाधान दिवस में आई शिकायत का निस्तारण 30 मार्च तक सुनिश्चित कर लिया जाए। यदि तय तिथि तक निस्तारण नही हो पाता है तो संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई के लिए विभागीय अधिकारियों को रिपोर्ट प्रेषित कर दी जाएगी।