फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नए शिक्षासत्र में बगैर मान्यता विद्यालय संचालन पर होगी कड़ी कार्रवाई

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। नए शिक्षा सत्र में बगैर मान्यता के विद्यालय का संचालन करने वालों की खैर नहीं है। बेसिक शिक्षा निदेशक डॉ. सर्वेंद्र विक्रम बहादुर सिंह ने बीएसए कार्यालय को पत्र भेजकर निर्देशित किया है कि अभियान चलाकर ऐसे विद्यालयों का चिन्हांकन किया जाए। साथ ही उनके विरुद्ध संबंधित थाने में केस दर्ज कराया जाएगा। विभाग ने पत्र के आधार पर ऐसे विद्यालयों का चिन्हांकन शुरू कर दिया है। गत वर्ष जांच में 349 विद्यालय बगैर मान्यता के संचालित पाए गए थे। बसखारी थाने में मात्र 11 विद्यालयों के विरुद्ध ही केस दर्ज कराया गया था। इसके आगे प्रक्रिया नहीं बढ़ सकी। ऐसे में नए निर्देश का कितना पालन हो सकेगा, इसका सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।
विज्ञापन

नया शिक्षा सत्र प्रारंभ होने में अब कुछ ही दिन शेष रह गए हैं। 2 अप्रैल से नया शिक्षा सत्र प्रारंभ हो जाएगा। इसे देखते हुए बेसिक शिक्षा निदेशक डॉ. सर्वेंद्र विक्रम बहादुर सिंह ने गत 26 मार्च को ही बेसिक शिक्षा विभाग को पत्र भेजकर निर्देशित किया है कि नए शिक्षासत्र में एक भी विद्यालय बगैर मान्यता के नहीं संचालित होना चाहिए। वृहद पैमाने पर अभियान चलाकर ऐसे विद्यालयों का चिन्हांकन किया जाए। विद्यालय बंद कराने के साथ ही विद्यालय संचालक के विरुद्ध संबंधित थाने में केस भी दर्ज कराया जाए। निर्देशित किया गया कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाए। पत्र में कहा गया कि समय समय पर कार्रवाई की जानकारी शासन को उपलब्ध कराया जाए।
बताते चलें कि बीत रहे शिक्षा सत्र की शुरुआत में भी कुछ इसी प्रकार का शिक्षा निदेशक का पत्र बेसिक शिक्षा विभाग को मिला था। जिलाधिकारी के निर्देश पर बड़े पैमाने पर अभियान चलाया गया था। 349 विद्यालय ऐसे पाए गए थे, जिनके पास या तो मान्यता ही नहीं थी या फिर मान्यता से अधिक कक्षाओं का संचालन कर रहे थे। कुछ विद्यालय ऐसे भी पाए गए, जो कोचिंग के रजिस्ट्रेशन पर चल रहे थे। इनकी सूची तैयार की गई और केस दर्ज करने के लिए खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित भी किया गया। खंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा संबंधित थानों में केस दर्ज करने के लिए विद्यालयों की सूची तहरीर के साथ उपलब्ध कराई गई, लेकिन मात्र बसखारी थाने में ही 11 विद्यालयों के विरुद्ध केस दर्ज कराया जा सका। ऐसे में अब नए निर्देश का कितना पालन हो सकेगा और बगैर मान्यता के विद्यालयों के संचालन पर कितना अंकुश लग सकेगा, इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।
विज्ञापन


मान्यता के बाद ही कर सकेंगे विद्यालय संचालन
नाम न छापने की शर्त पर बगैर मान्यता के विद्यालय का संचालन कर रहे प्रबंधकों ने कहा कि उन्होंने मान्यता के लिए आवश्यक पत्रावली पूर्ण कर बेसिक शिक्षा विभाग को उपलब्ध करा दी है। इसके लिए बार-बार विभाग की दौड़ लगा रहे हैं, लेकिन अब तक मान्यता नहीं मिल सकी है। उधर बीएसए अतुल कुमार सिंह ने कहा कि मान्यता मिलने के बाद ही विद्यालय का संचालन किया जा सकता है। सिर्फ मान्यता के लिए पत्रावली कार्यालय में जमा कर विद्यालय का संचालन नहीं किया जा सकता।

अभियान चलाकर होगी कार्रवाई
शासन से बगैर मान्यता के संचालित विद्यालयों पर कार्रवाई करने का निर्देश प्राप्त हुआ है। 30 मार्च के बाद खंड शिक्षा अधिकारियों के नेतृत्व में अलग अलग टीमों का गठन कर वृहद पैमाने पर अभियान चलाया जाएगा। फिलहाल चिन्हांकन अभियान शुरू कर दिया गया है। यदि कोई भी विद्यालय बगैर मान्यता के संचालित होता पाया गया, तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। -अतुल कुमार सिंह, बीएसए
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें