आलापुर (अंबेडकरनगर)। विधानसभा क्षेत्र आलापुर की बाजारें जल्द ही दूधिया रोशनी से सराबोर दिखेंगी। संतकबीरनगर सांसद शरद त्रिपाठी के प्रस्ताव पर यूपी नेडा ने इसके लिए आवश्यक कार्य योजना तैयार कर ली है। प्रत्येक बाजार में सोलर लाइट लगाने के लिए 21 हजार 400 रुपए का खर्च आएगा। कुल 100 सोलर लाइट लगाई जानी हैं। इसके लिए विभाग 21 लाख 40 हजार रुपए खर्च करेगा।
गौरतलब है कि आलापुर तहसील क्षेत्र में अभी एक भी बाजार नगर पालिका या नगर पंचायत का दर्जा नहीं पा सकी है। कई प्रमुख बाजार भी तहसील क्षेत्र में हैं। इन बाजारों में मार्ग प्रकाश की कोई बेहतर व्यवस्था नहीं है। बाजारवासियों की ओर से ही प्रकाश की व्यवस्था की जाती है। बाजारों में मार्ग प्रकाश की समुचित व्यवस्था न होने के चलते न सिर्फ असुरक्षा का माहौल बढ़ता है, बल्कि कई अन्य दुश्वारियों का सामना बाजारवासियों व आम लोगों को करना पड़ता है। इस समस्या को संतकबीरनगर सांसद शरद त्रिपाठी ने गंभीरता से लिया। बाजारवासियों की मांग पर विधानसभा क्षेत्र की बाजारों में सौ सोलर लाइट लगाने का प्रस्ताव उत्तर प्रदेश वैकल्पिक उर्जा विकास संस्थान को बीते 28 फरवरी को सौंपा। सांसद के प्रस्ताव को मंजूरी दिलाने के लिए यूपी नेडा अंबेडकरनगर ने आवश्यक पहल शुरू कर दी है।
सांसद ने प्रस्ताव में 5 वर्ष के अनुरक्षण कार्य सहित सोलर संयंत्र लगाने की बात कही है। इसमें जिक्र किया है कि सोलर माड्यूल की न्यूनतम क्षमता 12 बोल्ट 75 वॉट, बैट्री की क्षमता 12 वोल्ट 75 एएच सहित लाइट फिटिंग एलईडी 12 वॉट क्षमता की होनी चाहिए। सांसद के इस प्रस्ताव पर नेडा ने रिपोर्ट तैयार कर ली है। विभाग के मुताबिक इसमें प्रत्येक सोलर लाइट पर 21 हजार 400 रुपए का खर्च आएगा। 100 सोलर लाइट लगाने में कुल 21 लाख 40 हजार का खर्च होगा। धन स्वीकृति के लिए शासन को रिपोर्ट प्रेषित कर दी गई है।
शासन को भेजी गई रिपोर्ट
सांसद के प्रस्ताव पर आने वाले खर्च का इस्टीमेट तैयार कर लिया गया है। 100 सोलर लाइट लगाने में 21 लाख 40 हजार रुपये धन की जरूरत है। संबंधित रकम इंडियन आयल कॉर्पोरेशन देगा। आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शासन को रिपोर्ट प्रेषित कर दी गई है। जल्द ही रकम मिल जाने की उम्मीद है।
-रामसूरत दीक्षित, अवर अभियंता वैकल्पिक ऊर्जा विकास संस्थान (नेडा)