अंबेडकरनगर। माध्यमिक शिक्षक संघ वित्तविहीन गुट के बहिष्कार व कड़े विरोध के चलते शनिवार को यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य सभी तीन केंद्रों पर प्रारंभ नहीं हो सका। बहिष्कार कर रहे शिक्षक नेताओं का कहना था कि जब तक उनकी मांगों का निस्तारण नहीं होता, तब तक मूल्यांकन का बहिष्कार जारी रहेगा। चेतावनी दी गई कि यदि मूल्यांकन के लिए शिक्षकों पर जबरदस्ती दबाव डाला गया, तो बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा।
गौरतलब है कि शनिवार 17 मार्च से जिले के तीन केंद्रों बीएन इंटर कॉलेज अकबरपुर, डॉ. गणेश जेतली इंटर कॉलेज शहजादपुर तथा सरदार पटेल स्मारक इंटर कॉलेज लारपुर में यूपी की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य प्रारंभ होना था। इन तीनों केंद्रों पर 15 दिनों में लगभग साढ़े 6 लाख उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होना है। बकाया मानदेय भुगतान किए जाने, मानदेय नियमित किए जाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर माध्यमिक शिक्षक संघ वित्तविहीन गुट ने मूल्यांकन का बहिष्कार करने की घोषणा की थी। शनिवार को जिलाध्यक्ष आनंद हीराराम पटेल के नेतृत्व में मूल्यांकन में लगे शिक्षकों ने बीएन इंटर कॉलेज गेट के निकट प्रदर्शन किया। दो अन्य केंद्रों पर भी विरोध जताया गया। मूल्यांकन में लगे शिक्षक संबंधित केंद्रों पर पहुंचे जरूर, लेकिन हस्ताक्षर करने के बाद मूल्यांकन का बहिष्कार कर दिया। इससे शनिवार को एक भी कापियों का मूल्यांकन नहीं हो सका। बहिष्कार को सफल बनाने में दिनेश कुमार, बसंत बहादुर, सचिन, अमरावती, कृष्णादेवी आदि का योगदान रहा।
आज से शुरू होगा मूल्यांकन
मूल्यांकन में लगे परीक्षकों को मूल्यांकन के लिए सख्त दिशा निर्देश दिए गए हैं। बहिष्कार कर रहे शिक्षकों से वार्ता हुई है। उनसे कहा गया है कि वे यदि चाहें, तो संबंधित केंद्रों पर पहुंचकर मूल्यांकन करें। रविवार से तीनों केंद्रों पर सुचारु ढंग से कापियों के मूल्यांकन का कार्य होगा। -विनोद सिंह, डीआईओएस
बैठक कर दिए गए निर्देश
शनिवार को बीएन इंटर कॉलेज परिसर में मूल्यांकन में लगे परीक्षकों के साथ बैठक में डीआईओएस विनोद सिंह ने कहा कि सीसीटीवी की निगरानी में वे रविवार से मूल्यांकन का कार्य सुचारु ढंग से करें। विषयवार शिक्षक ही कापियों का मूल्यांकन करें। यदि किसी ने दूसरे विषय की कॉपी की जांच की, तो उसके विरुद्ध केस दर्ज किया जाएगा। सभी परीक्षकों को निर्देशित किया कि वे सुबह 10 बजे संबंधित मूल्यांकन केंद्र पर पहुंच जाएं।