आलापुर (अंबेडकरनगर)। जहांगीरगंज शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक रामगुलाम में तैनात शिक्षामित्र की मंगलवार रात हृदयगति रुकने से मौत हो गई। इस घटना से परिवारीजनों में कोहराम मच गया। परिवारीजनों के मुताबिक समायोजन रद्द होने के बाद से वह काफी परेशान चल रहा था। उसके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार बुधवार को चहोड़ाघाट पर किया गया। वहीं, शिक्षामित्र संघ ने शासन प्रशासन से मृतक के परिवार को आर्थिक मदद दिलाए जाने की मांग की है।
जहांगीरगंज विकास खंड क्षेत्र के इंदौरपुर घिनहापुर निवासी बीरबल (36) पुत्र धर्मराज क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय रामपुर रामगुलाम में तैनात थे। शिक्षक पद से समायोजन रद्द होने के बाद से वह काफी परेशान चल रहे थे। उनके सामने आर्थिक तंगी खड़ी हो गई थी। समय से मानदेय न मिल पाने की समस्या भी उसके परिवार का खर्च चलाने में आड़े आ रही थी। आर्थिक संकट बढ़ने के साथ ही उसका स्वास्थ्य खराब होने लगा था। माता, पिता व पत्नी के अलावा उसके तीन बच्चे भी हैं। इन्हीं परिस्थितियों के बीच मंगलवार रात उनकी हृदयगति रुकने से मौत हो गयी। पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार बुधवार को क्षेत्र के चहोड़ाघाट पर किया गया। प्राथमिक शिक्षामित्र संघ जिलाध्यक्ष केके दुबे ने घटना को लेकर शोक संवेदना जाहिर की है। कहा कि शासन प्रशासन को मामले में मृतक के परिवार की समुचित मदद तय की जानी चाहिए। शिक्षामित्र के निधन पर खंड शिक्षा अधिकारी चंद्रभूषण पांडेय, शिक्षक नेता अनिल यादव, रामकेवल आदि ने भी गहरी शोक संवेदना जाहिर की।