अंबेडकरनगर। प्रसिद्ध शायर अकबरपुर नगर के मीरानपुर निवासी हाजी नसीम अतहर खां का मंगलवार भोर में हृदय गति रुकने से निधन हो गया। वे 65 वर्ष के थे। नसीम के निधन की जानकारी होने से जिले में शोक की लहर दौड़ गई। विभिन्न राजनीतिक दलों व गणमान्य लोगों ने मृतक के पैतृक आवास पहुंचकर परिवारीजनों को ढांढस बंधाया। बाद में पार्थिव शरीर को फैजाबाद रोड स्थित कब्रिस्तान में नम आंखाें के बीच सुपुर्देखाक कर दिया गया। बताते चलें कि हाजी नसीम अतहर खां मुशायरों व महफिलों में बढ़-चढ़कर भाग लेते थे। वे न सिर्फ अंबेडकरनगर बल्कि प्रदेश के अन्य जनपदों में होने वाले कार्यक्रमों में भाग लेते थे। मंगलवार भोर में अचानक उनके सीने में दर्द हुआ। जब तक घरवाले उन्हें जिला अस्पताल ले जाते, तब तक उनका निधन हो चुका था। सूचना मिलने पर पूर्व कैबिनेट मंत्री राममूर्ति वर्मा, व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवकुमार वर्मा, मेहदी रजा, हाजी अकमल जुग्नू, वरिष्ठ सपा नेता आनंद वर्मा, फरहत अब्बास, गालिब अब्बास, कलाम मोहम्मद खां, मुख्तार, राहुल शुक्ला, प्रभात यादव आदि ने मृतक के आवास पर पहुंचकर परिवारीजनों को ढांढस बंधाया। कहा कि दुख की इस घड़ी में वे उनके साथ है।