22 घंटे देरी से पहुंची मऊ आनंद बिहार एक्सप्रेस
अंबेडकरनगर। विलंब से चल रही ट्रेनों के चलते यात्रियों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। मंगलवार को भी अकबरपुर स्टेशन पर सात से अधिक ट्रेनें घंटों विलंब से पहुंचीं। इसमें मऊ आनंद बिहार एक्सप्रेस डाउन करीब 22 घंटे व अप 15 घंटे देर से आई। कैफियात डाउन एक्सप्रेस करीब 17 घंटे तो अप निर्धारित समय से साढ़े 12 घंटे विलंब रही। इससे यात्रियों को घंटों स्टेशन पर बैठकर ट्रेनों का इंतजार करना पड़ा।
गौरतलब है कि मौसम में आए परिवर्तन के बाद से ट्रेनों की लेटलतीफी का सिलसिला जारी है। इससे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को भी ट्रेनों के विलंब से चलने का सिलसिला जारी रहा। अकबरपुर स्टेशन से मिली सूचना के मुताबिक मऊ आनंद बिहार एक्सप्रेस डाउन करीब 22 घंटे तो वहीं अप निर्धारित समय से करीब 15 घंटे विलंब रही। कैफियात डाउन एक्सप्रेस करीब 17 घंटे तो अप तय समय से साढ़े 12 घंटे लेट रही। इसके अलावा सरयू यमुना डाउन 10 घ्ंाटे, गंगा सतलज आठ घंटे व किसान अप निर्धारित समय से नौ घंटे विलंब रही। इसके अलावा कई अन्य ट्रेनें भी चार से सात घंटे देरी से पहुंचीं। इससे यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। स्टेशन अधीक्षक जियालाल का कहना है कि, अब अधिकांश ट्रेनें निर्धारित समय से चल रही हैं। यात्रियों को सभी सूचनाएं समय से उपलब्ध कराई जा रही हैं।