अंबेडकरनगर। जिले के 20 साधन सहकारी समितियों पर सोमवार को शांतिपूर्ण माहौल में 180 सदस्यों का चुनाव हुआ। चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सहकारिता विभाग ने सभी आवश्यक तैयारियां पहले से ही पूरा कर लिया था। 110 समितियों पर चुनाव होना था, परन्तु 90 समितियों पर पद के सापेक्ष नामांकन पत्र जमा होने से संबंधित उम्मीदवारों के निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ हो गया था।
गौरतलब है कि साधन सहकारी समितियों के सुचारु संचालन के लिए सदस्य, डेलीगेट, अध्यक्ष व अन्य पदों लिए चुनाव होता है। संबंधित पदाधिकारी अपने क्षेत्र के समितियों के बेहतर संचालन में सहयोग करते हैं। समिति से अधिकाधिक किसानों को खाद, बीज व अन्य सुविधाएं आसानी से मिल सके, इसका जिम्मेदारी प्रतिनिधि भी निभाते हैं। सहकारिता के इस चुनाव का प्रथम चरण सोमवार को संपन्न हुआ। बीते दिनों जिले के 110 साधन सहकारी समितियों पर 990 सदस्यों के नामांकन हुआ था। विभाग के मुताबिक इनमें से 90 समितियों पर पद के सापेक्ष ही नामांकन पत्र आए थे, जिससे संबंधित समितियों से जुड़े 810 उम्मीदवारों का सदस्य पद पर नियुक्त होना तय होगा गया था। शेष 20 समितियों पर प्रबंध कमेटी के 180 सदस्यों का चुनाव सोमवार को हुआ।
सहायक आयुक्त सहकारी समितियां हरीप्रसाद ने बताया कि सोमवार को शेष 180 सदस्यों के लिए संबंधित समितियों पर मतदान हुआ। मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद मतों की गणना हुई। इसके बाद परिणाम भी घोषित कर दिया गया। 30 जनवरी को सभी 110 साधन सहकारी समितियों पर अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं अन्य प्रतिनिधियों का चुनाव होना है। इसके लिए भी सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।