अंबेडकरनगर। गणतंत्र दिवस का उल्लास एक दिन पहले ही जिले के विभिन्न क्षेत्रों में दिखा। पुलिस लाइंस में होने वाले मुख्य आयोजन को सफल बनाने के लिए गुरुवार को पूरे दिन तैयारियां होती रहीं। पुलिस लाइंस को दुल्हन की तरह सजाने का कार्य पूरे दिन चलता रहा। इसके अलावा सरकारी कार्यालयों को भी रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया। उधर जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित सरकारी व निजी विद्यालयों में गणतंत्र दिवस के अवसर पर होने वाले आयोजन का रिहर्सल एक दिन पहले जमकर हुआ। गणतंत्र दिवस के अवसर पर ऐतिहासिक, सरकारी और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्थल रोशनी से जगमग हो गए हैं।
गुरुवार को गणतंत्र दिवस की तैयारियां जगह जगह होती दिखीं। राष्ट्रीय पर्व के उल्लास में किसी प्रकार की कमीं न रह जाए, इसे लेकर आवश्यक तैयारियां लगभग पूरे दिन होती रहीं। मुख्य आयोजन पुलिस लाइन में होने के चलते साफ सफाई से लेकर साज सजावट का कार्य गुरुवार शाम तक पूरा कर लिया गया। समूचे परिसर को दुल्हन की तरह सजाया गया। शुक्रवार को न सिर्फ परेड होगी, बल्कि विभिन्न विद्यालयों के छात्र छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी की जाएगी। पुलिस लाइन के आरआई रामानंद राय ने बताया कि सुबह 9 बजे से परेड प्रारंभ होगी।
मुख्य अतिथि सांसद हरिओम पांडेय झंडारोहण कर सलामी लेंगे। पुलिसकर्मियों की ओर से विभिन्न प्रकार की झांकी प्रस्तुत की जाएगी। इसके बाद विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। इससे पहले शुक्रवार सुबह श्रीगांधी आश्रम परिसर से प्रभात फेरी निकलेगी, जो अकबरपुर नगर का भ्रमण करने के बाद गांधी आश्रम पहुंचकर संपन्न हो जाएगी। इस बीच अकबरपुर नगर स्थित भानुमती स्मारक पीजी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य मनोज दीक्षित झंडारोहरण करेंगे। इसके अलावा जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित सरकारी व निजी विद्यालयों में झंडारोहण के साथ साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा।