अंबेडकरनगर। राष्ट्रीय स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत शासन से जिले को 3 करोड़ 38 लाख 6 हजार रुपये उपलब्ध हुआ है। इस राशि से जिले के 78 गांव में 5 हजार 648 शौचालय का निर्माण होगा। जिले में ओडीएफ गांव की संख्या में वृद्धि हो, ऐसे में शौचालय निर्माण के लिए छोटे राजस्व गावों का चयन किया गया है।
गौरतलब है कि गावों को खुले में शौच मुक्त यानी ओडीएफ करने के लिए बड़े पैमाने पर शौचालय निर्माण का कार्य चल रहा है। केंद्र सरकार द्वारा संचालित राष्ट्रीय स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत गावों में शौचालय निर्माण प्रगति पर है। प्रशासन के अनुसार शौचालय निर्माण में आई तेजी से खुले में शौच करने वालों की संख्या में भी कमी आई है। इस बीच अब योजना को और सफल बनाने के लिए गत दिवस शासन से जिले को 3 करोड़ 38 लाख 6 हजार रुपये उपलब्ध कराया गया है। इस राशि से जिले के 78 गावों में 5 हजार 648 शौचालय का निर्माण होगा। बताते चलें कि शौचालय निर्माण के लिए पात्रों को 12 हजार रुपये की राशि दी जाती है। शासन से प्राप्त राशि पहली किस्त के रूप में पात्रों को दी जाएगी। प्रत्येक पात्र के खाते में 6 हजार रुपये भेजे जाएंगे। पात्रों द्वारा उपभोग प्रमाणपत्र दिए जाने के बाद ही उन्हें दूसरी किस्त की राशि दी जाएगी।
जिले के अधिक से अधिक गांव ओडीएफ की श्रेणी में आ सकें, इसके लिए इस बार शासन से मिली राशि से उन्हीं गांवों को शौचालय निर्माण के लिए चयनित किया गया है, जो छोटे राजस्व गांव हैं। विभागीय आंकड़ों के अनुसार अकबरपुर विकास खंड में 10, जलालपुर में 8, रामनगर में 11, भीटी में 9, टांडा में 10, कटेहरी में 9, जहांगीरगंज में 10, भियांव में 11 शौचालयों का निर्माण होगा।
जल्द पहुंचाई जाएगी राशि
शौचालय निर्माण के लिए शासन से राशि प्राप्त हुई है। शौचालय का निर्माण कार्य तेजी से शुरू हो सके, इसके लिए शीघ्र ही विकास खंड मुख्यालयों पर शौचालयों की संख्या के आधार पर 6 हजार रुपये की दर से राशि भेज दी जाएगी। वहां से ग्राम पंचायत के माध्यम से लाभार्थियों के खाते में राशि जाएगी। -वीरेंद्र कुमार, जिला समन्वयक, राष्ट्रीय स्वच्छ भारत मिशन योजना