अंबेडकरनगर। चूल्हे से निकली चिंगारी से लगी आग की चपेट में आने से एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। उधर अलाव की चिंगारी से कपड़ों में आग लग जाने से एक अधेड़ झुलस गया। उसे भी प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल में ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार सुल्तानपुर जिले के दोस्तपुर थाना क्षेत्र के दोस्तपुर निवासी पूजा (22) पत्नी भरतलाल मंगलवार देर शाम चूल्हे से निकली चिंगारी से लगी आग की चपेट में आ गई। उस समय वह चूल्हे पर खाना बना रही थी। गुहार पर पहुंचे घरवालों ने आग पर जब तक काबू पाया तब तक महिला गंभीर रूप से झुलस गई। उसे आननफानन जिला अस्पताल अंबेडकरनगर में भर्ती कराया गया। यहां हालत गंभीर होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
उधर सम्मनपुर थाना क्षेत्र के पलई कल्यानपुर गांव निवासी अवधेश (57) पुत्र सतीराम मंगलवार देर शाम कड़ाके की ठंड से बचने के लिए अलाव के सामने बैठा हुआ था। इसी बीच अलाव की चिंगारी से उसके कपड़े में आग लग गई। गुहार पर पहुंचे परिवारीजनों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस गया। उसे भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।