सूरज के नहीं हुए दर्शन, कोहरे में लिपटा जनपद
अंबेडकरनगर। जिले में हो रही भीषण ठंड से शनिवार को भी लोगों को राहत नहीं मिल पाई। दिन भर घरा कोहरा छाया रहा जिसके चलते सूर्य के दर्शन नहीं हुए। सर्द हवा ने ठंड को और बढ़ाया। घने कोहरे के चलते ट्रेनों व बसों का संचालन प्रभावित रहा। वाहन चालकों को सुबह 10 बजे तक लाइट जलाकर चलना पड़ा। दिन भर धूप नहीं निकलने से लोग ठंड से परेशान रहे। बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा।
मौसम का मिजाज शनिवार को और बिगड़ा नजर आया। लगातार तीसरे दिन भी घना कोहरा छाया रहा। इसके चलते शनिवार को पूरे दिन सूर्य के दर्शन नहीं हो सके। सर्द हवा ने ठंड को और बढ़ाया। लोग पूरे दिन ठंड के चलते ठिठुरते नजर आए। ज्यादातर समय लोग अपने घरों में ही कैद रहे। आवश्यक कार्य से ही लोग घर से बाहर निकले और जल्दी जल्दी काम निपटाकर वापस घर चले गए।
दरअसल पूरे दिन धूप नहीं निकली। घने कोहरे के चलते सरकारी व निजी कार्यालयों में ज्यादातर कर्मचारी विलंब से पहुंचे। खराब मौसम के चलते ग्रामीण क्षेत्र से लोगों ने शहरी क्षेत्र का रुख नहीं किया। इससे जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों की बाजारों में पूरे दिन सन्नाटे का माहौल रहा।
उपभोक्ताओं के बाजार में न आने से दुकानदार ज्यादातर समय दुकान के सामने अलाव जलाकर बैठे रहे। घने कोहरे ने वाहनों की रफ्तार पर अंकुश लगा दिया। लगभग दोपहर तक छाए कोहरे के बीच सड़कों पर वाहन रेंग रेंगकर व लाइट जलाकर चलने को मजबूर हुए। ठंड से बचने के लिए लोगों ने या तो अलाव का सहारा लिया या फिर चाय की चुस्की लेते दिखे।