सद्भावना एक्सप्रेस ट्रेन निरस्त, घंटों विलंब से पहुंचीं छह ट्रेनें
अंबेडकरनगर। खराब मौसम के चलते शुक्रवार को सद्भावना अप एक्सप्रेस निरस्त हो गई। आधा दर्जन ट्रेन साढ़े 16 घंटा तक विलंब से चलीं।
खराब मौसम के चलते ट्रेनों के निरस्त होने व विलंब से चलने का दौर लगातार जारी है। शुक्रवार को भी यह सिलसिला जारी रहा। अकबरपुर रेलवे स्टेशन से यात्रियों को बताया गया कि दोपहर बाद 2 बजकर 11 मिनट पर आने वाली सद्भावना अप एक्सप्रेस निरस्त हो गई। इससे 34 यात्रियों को आरक्षित टिकट रद्द कराना पड़ा। ज्यादातर यात्रियों ने यात्रा करना ही रद्द कर दिया।
कुछ यात्री गंतव्य तक जाने के लिए दूसरी ट्रेन का सहारा लेने को मजबूर हुए। इसके अलावा कोटा पटना डाउन एक्सप्रेस निर्धारित समय सुबह 9 बजकर 46 मिनट से साढ़े 16 घंटा विलंब से अकबरपुर पहुंचने की जानकारी यात्रियों को दी गई।
इसके अलावा साबरमती डाउन एक्सप्रेस निर्धारित समय से साढ़े 12 घंटा, मरुधर डाउन एक्सप्रेस सात घंटा, दून डाउन एक्सप्रेस साढ़े 3 घंटा, दून अप एक्सप्रेस ट्रेन 4 घंटा व फरक्का डाउन एक्सप्रेस ट्रेन निर्धारित समय से साढ़े घंटा विलंब से अकबरपुर रेलवे स्टेशन पहुंची।