31 घंटे देरी से पहुंची सरयू यमुना एक्सप्रेस
अंबेडकरनगर। घने कोहरे के चलते बुधवार को सरयू यमुना एक्सप्रेस ट्रेन जहां साढ़े 31 घंटे विलंब से अकबरपुर स्टेशन पहुंची, तो वहीं पांच अन्य एक्सप्रेस ट्रेनें भी दो से साढ़े पांच घंटे तक विलंब से चलीं। नतीजा ये रहा कि यात्रियों को कड़ाके की ठंड में घंटों ट्रेन का इंतजार करना पड़ा। इससे उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उधर, बुधवार को बार-बार सर्वर बाधित होने के चलते पूरे दिन रेल टिकट आरक्षण का कार्य भी प्रभावित हुआ।
गौरतलब है कि, खराब मौसम ने ट्रेनों की रफ्तार पर अंकुश सा लगा दिया है। ट्रेनें न सिर्फ विलंब से चल रही हैं, बल्कि अक्सर निरस्त भी होती रहती हैं। बुधवार को भी ट्रेनों के विलंब से चलने का दौर जारी रहा। अकबरपुर स्टेशन से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह नौ बजकर 48 मिनट पर अकबरपुर पहुंचने वाली सरयू यमुना डाउन एक्सप्रेस साढ़े 31 घंटे बाद बुधवार को पहुंची। इससे संबंधित ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों को मुश्किलें उठानी पड़ीं। सबसे अधिक समस्या दूरदराज से आए ऐसे यात्रियों को हुई, जिन्हें आरक्षित टिकट पर इस ट्रेन से यात्रा करनी थी। कुछ यात्रियों को तो प्लेटफार्म पर ही रात गुजारनी पड़ी। इसके अलावा फरक्का डाउन एक्सप्रेस निर्धारित समय पूर्वाह्न 11:09 बजे से साढ़े पांच घंटे, कैफियात डाउन एक्सप्रेस निर्धारित समय सुबह 06:43 बजे से साढ़े छह घंटे, फरक्का अप एक्सप्रेस ट्रेन निर्धारित समय दोपहर 02:02 बजे से साढ़े तीन घंटे, दून डाउन एक्सप्रेस ट्रेन दोपहर 12:22 बजे से तीन घंटे व दून अप एक्सप्रेस निर्धारित समय दोपहर 01:13 बजे से दो घंटे विलंब से अकबरपुर स्टेशन पहुंची। इस बीच सर्वर में गड़बड़ी का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा। लगभग पूरे दिन सर्वर में गड़बड़ी के चलते टिकट आरक्षण का कार्य प्रभावित हुआ। नतीजा ये रहा कि आरक्षण के लिए लाइन में लगे लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। वहीं, अकबरपुर स्टेशन अधीक्षक जियालाल ने बताया कि, खराब मौसम का प्रभाव ट्रेनों की रफ्तार पर पड़ा है। ऐसे में कुछ ट्रेनें विलंब से चल रही हैं।