सपा के 11 व भाजपा के छह सभासदों ने ली शपथ
जलालपुर। नगर पालिका परिषद जलालपुर के 16 सभासदों ने गुरुवार को नगर परिषद कार्यालय में आयोजित समारोह में शपथ ली। एक सभासद के इलाज के सिलसिले में बाहर होने के चलते वह शपथ नहीं ले सके।
सभी सभासदों ने लोगों को भरोसा दिलाया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के विकास को लेकर सभी संभव प्रयास करेंगे। एसडीएम जलालपुर ने कहा कि वे विकास में अपनी भागीदारी प्रमुखता के साथ सुनिश्चित करें। जनता ने उन पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
गौरतलब है कि दो दिन पूर्व हुए शपथ ग्रहण समारोह का जलालपुर के कुल 17 सभासदों ने बहिष्कार कर दिया था। बहिष्कार करने वाले सभासदों में भाजपा व सपा के सभासद शामिल थे। यहां बसपा प्रत्याशी फरजाना नगर परिषद अध्यक्ष पद पर काबिज हुई हैं।
बसपा का कार्यक्रम होने के चलते शपथ ग्रहण का बहिष्कार करते हुए 17 सभासदों ने शपथ नहीं ली थी। इस बीच गुरुवार को नगर परिषद कार्यालय में समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि एसडीएम जलालपुर विवेक मिश्र ने सपा के 11 व भाजपा के छह सभासदों को एक साथ शपथ दिलाई। भाजपा के एक सभासद अरुण कुमार मिश्र के इलाज के सिलसिले में मुंबई में होने के कारण शपथ नहीं ले सके।
एसडीएम विवेक ने सभासदों से कहा कि जनता ने उन पर विकास की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। इसका उन्हें सजग होकर पालन करना चाहिए। विकास के प्रत्येक कार्य में प्रशासन उनके साथ खड़ा नजर आएगा। उन्होंने जनता से सतत फीडबैक लेकर काम करने का आह्वान किया। सभासदों ने शपथ लेने के साथ ही वहां मौजूद लोगों को भरोसा दिलाया कि वे सब अपनी जिम्मेदारी का पूरी तरह से निर्वहन करेंगे।
विकास के जो भी जरूरी कार्य होंगे, वह कराए जाएंगे। जरूरत पड़ी तो इसके लिए जिला प्रशासन व शासन की भी मदद ली जाएगी। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ राजेश सिंह, अधिशाषी अधिकारी सुरेश कुमार व आज्ञाराम वर्मा आदि मौजूद रहे।