‘पुस्तकों से मिलती समाज में नया करने की सीख’
आलापुर। पुस्तकों से हमें काफी कुछ सीखने को मिलता है। लेखकों के विचार पुस्तकों के माध्यम से हम तक पहुंचते हैं और हम उसका अनुसरण करते हुए समाज की तरक्की में अपना योगदान देते हैं। उक्त बातें जय बजरंग इंटरमीडिएट कॉलेज के प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह ने रामनगर में लगे सात दिवसीय पुस्तक मेले के उद्घाटन अवसर पर कही। कार्यक्रम की शुरूआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन से हुई।
उन्होंने कहा कि साहित्य की पुस्तकें हर मनुष्य के लिए उपयोगी होती है। पुस्तकों के माध्यम से ही हम अपने पूर्वजों एवं देश की महान विभूतियों के बारे में जानकारी प्राप्त करते हैं। पुस्तकों में लेखक अपने जीवन के अनुभव और विचारों को प्रकट करते हैं, जिससे हमें सीख लेकर आगे बढ़ने की जरूरत है। पंडित राम अवध बाल विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य संतोष मिश्र ने कहा कि युवाओं को अच्छे लेखकों की पुस्तकों को पढ़ना चाहिए।
उनके द्वारा दिए गए ज्ञान को अपने अंदर उतारकर सभी को सही रास्ते पर चलने की सीख देनी चाहिए। महिला मंडल रामनगर प्रमुख डा. पूनम राय ने बताया कि मेले में छात्रोपयोगी, बाल निर्माण, व्यक्ति निर्माण, परिवार निर्माण, समाज निर्माण एवं राष्ट्र निर्माण के अलावा शक्ति प्राण, शक्ति जीवनी विकास, चिकित्सा स्वास्थ्य, आयुर्वेदिक जड़ी बूटी, योग्यता पर ध्यान, आसन तथा गायत्री शक्तिपीठ की किताबों को स्थानीय जनता के लिए उपलब्ध कराया गया है। इस मौके पर डा. वाईपी सिंह, राम विलास यादव, चंद्रपति यादव, डा. एसके राय, विजय नारायण पाण्डेय व रमेश त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।